प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में कायन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन किया. वहीं, पाकिस्तान सुपर लीग में बल्लेबाज फखर जमां पर बॉल टैंपरिंग मामले में दो मैच का बैन लगा. इन खबरों के अलावा, पश्चिम बंगाल चुनाव से ठीक पहले दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने बीजेपी का दामन थाम लिया. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
'भारत के आत्मविश्वास का ऐलान है इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन', गुजरात में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में अहमदाबाद के साणंद में कायन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन किया. इस प्लांट की लागत 3300 करोड़ बताई गई है. आज तक के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि आज 31 मार्च को Kaynes टेक्नोलॉजी के सेमीकंडक्टर प्लांट का प्रोडक्शन शुरू हो रहा है. यह इस बात का प्रमाण है कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम किस गति से विकसित हो रहा है.
टेनिस लेजेंड लिएंडर पेस की बीजेपी में हुई एंट्री, बंगाल चुनाव में हो सकता है रोल
टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस ने मंगलवार को BJP ज्वॉइन कर ली. हालांकि उनके लिए पार्टी पॉलिटिक्स कोई नई बात नहीं है. वे 2021 में टीएमसी में थे, उन्होंने 2022 में गोवा विधानसभा चुनाव में भी टीएमसी के लिए प्रचार किया था. तब उन्होंने खुद कोई चुनाव नहीं लड़ा था. आज तक के अनुसार, किरेन रिजिजू ने कहा कि लिएंडर पेस का बीजेपी में शामिल होना एक ऐतिहासिक दिन है.
PSL 2026: पाकिस्तानी बैटर फखर जमां पर दो मैच का बैन, बॉल के साथ की ये हरकत, देखें VIDEO
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में लाहौर कलंदर्स के स्टार बल्लेबाज फखर जमां को दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है. यह कार्रवाई कराची किंग्स के खिलाफ 29 मार्च को खेले गए मुकाबले में गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में की गई है. आज तक के अनुसार, मैच के दौरान मैदानी अंपायरों को गेंद की स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत गेंद को बदल दिया गया था.
आंध्र प्रदेश की राजधानी बनेगा अमरावती, संसद में 1 अप्रैल को बिल लाने की तैयारी में सरकार
अमरावती को अब आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में मान्यता देने की पूरी तैयारी हो गई है. आंध्र प्रदेश की विधानसभा ने 28 मार्च को ही इससे संबंधित प्रस्ताव पारित कर दिया था. अब केंद्र सरकार भी आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल 2026 लाने की तैयारी में है. आज तक के अनुसार, यह बिल एक अप्रैल को लोकसभा में आएगा.
यूपी के IAS रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, बोले- ना पोस्टिंग मिली, ना काम
यूपी कैडर के 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस फैसले से प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है. रिंकू सिंह ने कहा कि लंबे समय से ना पोस्टिंग मिल रही, ना काम मिल रहा है. आज तक के अनुसार, रिंकू सिंह राही लंबे समय से राजस्व परिषद में अटैच थे और उन्हें सक्रिय रूप से काम करने का अवसर नहीं मिल रहा था.
BCCI के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का मुंबई के होटल में मिला शव, IPL मैच कवरेज की थी जिम्मेदारी
IPL मैचों के लिए BCCI के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे एक ब्रिटिश नागरिक मुंबई के ट्राइडेंट होटल के कमरे में मृत पाए गए. मृतक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है. इयान 24 मार्च से होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैच कवरेज से जुड़े काम में लगे थे. आज तक के अनुसार, 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वे अपने रूम में लौटे थे.
भारत में ओजेम्पिक और वेगोवी हुए सस्ते... मोटापा-डायबिटीज का इलाज अब बजट में, जानें कीमत
फार्मा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क इंडिया ने ओजेंपिक और वेगोवी की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है. 1 अप्रैल से लागू होने वाली इन नई कीमतों के कारण उनकी कीमतों में 36 प्रतिशत से 48 प्रतिशत तक की कमी की गई है. आज तक के अनुसार, नई रेट लिस्ट में ओजेम्पिक और वेगोवी के 0.25mg वाले शुरुआती डोज की साप्ताहिक कीमत अब 1415 रुपये है, जो पहले 2200 रुपये थी.
कुवैत में भारतीय नागरिक पर गिरा ईरानी मिसाइल का मलबा, मौत
कुवैत में एक भारतीय श्रमिक की सोमवार को ईरानी मिसाइल के मलबे की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान संताना सेल्वम के रूप में हुई है. वह तमिलनाडु के रहने वाले थे और पिछले दस सालों से कुवैत में एक इंजीनियरिंग और कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के रूप में काम कर रहे थे. आज तक के अनुसार, पश्चिम एशिया युद्ध में कुल 9 भारतीयों की मौत चुकी है.
स्पेन के बाद अब इटली ने ट्रंप को दिया झटका, अपने बेस पर नहीं उतरने दिया अमेरिकी विमान
अमेरिका के करीबी नाटो सहयोगी इटली ने ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका दिया है. इटली ने अमेरिकी सैन्य विमानों को सिगोनेला एयरबेस पर उतरने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है. सिगोनेला एयर बेस पर रुकने के बाद अमेरिकी सैन्य विमान युद्धग्रस्त क्षेत्र मिडिल ईस्ट की तरफ जाने वाले थे. आज तक के अनुसार, इटली ने अमेरिकी विमानों को अपने बेस पर उतरने की इजाजत नहीं दी.