पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बड़ा कदम उठाया. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चिकन नेक इलाके की 121 हेक्टेयर जमीन सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंपी. वहीं, भोपाल में ट्विशा शर्मा डेथ केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को CBI ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
सीएम शुभेंदु ने चिकन नेक की 121 हेक्टेयर जमीन BSF को सौंपी, बांग्लादेश सीमा पर जल्द होगी फेंसिंग
पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग तेज़ करने के लिए BSF को चिकन नेक इलाके की 121 हेक्टेयर ज़मीन सौंप दी है. इसके अलावा सीमावर्ती ज़िलों में भी जमीन ट्रांसफर की गई है. CM शुभेंदु अधिकारी ने 'एक्स' पर इस पूरे फैसले की जानकारी साझा की है. गृह मंत्री अमित शाह ने इस तेज प्रक्रिया के लिए CM शुभेंदु की सराहना की है.
Twisha Sharma death case: ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, CBI ने करीब 6 घंटे की पूछताछ
भोपाल में ट्विशा शर्मा डेथ केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को CBI ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. CBI की टीम ने करीब छह घंटे उनसे पूछताछ की थी. दरअसल, MP हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द कर दी थी. हाईकोर्ट ने आदेश में कहा था कि गिरिबाला सिंह के खिलाफ स्पष्ट आरोप सामने आए हैं.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने CM पद से इस्तीफा दे दिया है. सिद्धारमैया ने राज्यसभा जाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है. उन्होंने कहा, “मैं कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय रहूंगा. राष्ट्रीय राजनीति में मेरी रुचि नहीं है.” पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद को खारिज करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस एक परिवार की तरह एकजुट रहेगी.
मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का निधन, 91 साल की उम्र में भोपाल में ली अंतिम सांस
मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का गुरुवार दोपहर भोपाल में 91 साल की उम्र में निधन हो गया. डॉ. बशीर बद्र लंबे समय से डिमेंशिया बीमारी से जूझ रहे थे. उनकी याददाश्त काफी कमजोर हो चुकी थी और वे लोगों को पहचान भी नहीं पा रहे थे. उनकी गज़लें और शेर आम लोगों से लेकर साहित्य प्रेमियों तक के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं.
21 की उम्र में इस भारतीय शूटर ने रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड मेडल
भारत की युवा शूटर ईशा सिंह ने जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप 2026 में विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीतकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला है. फाइनल में ईशा ने 50 में से 43 सटीक निशाने लगाए, जिसके चलते उन्होंने सीनियर एवं जूनियर दोनों कैटेगरी का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
विमेंस T20 वर्ल्ड कप के लिए ICC की मैच ऑफिशियल्स लिस्ट जारी, इन 4 भारतीयों को भी मिली जगह
आईसीसी ने विमेंस टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप 2026 के लिए मैच ऑफिशियल्स की लिस्ट जारी कर दी है. 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने वाले इस मेगा इवेंट में 14 अंपायर और 4 मैच रेफरी कुल 33 मुकाबलों में जिम्मेदारी संभालेंगी. अंपायरों की सूची में भारत की जननी एन, वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपाल को जगह मिली है.
IPL 2026 के एलिमिनेटर में RR के खिलाफ हार के बाद SRH टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. अब पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने मैच के बाद SRH कप्तान पैट कमिंस के रवैये पर सवाल उठाए हैं. श्रीकांत ने कमिंस की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने वैभव की तारीफ में एक शब्द तक नहीं कहा. इस मैच में वैभव ने 29 गेंदों पर 97 रन बनाए थे.
इबोला पर अहमदाबाद से राहत की खबर! संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट आई नेगेटिव
अफ्रीकी देश कांगो से भारत आए 37 साल के कारोबारी अमूरी लोकुला की इबोला जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है. संदिग्ध लक्षण मिलने के बाद उन्हें अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस मामले में कारोबारी के संपर्क में आए तीन लोगों को भी प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अलग वार्ड में क्वारंटाइन किया है.
TMC को एक और झटका, शांतनु सेन ने पार्टी प्रवक्ता के पद से दिया इस्तीफा
TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. शांतनु सेन ने गुरुवार को पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता पद से तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने ये बड़ा प्रशासनिक कदम हाल ही में हुए आरजी कर अस्पताल के बेहद संवेदनशील मामले और पार्टी के खिलाफ लगातार लग रहे भ्रष्टाचार के बड़े आरोपों से आहत होकर उठाया है.
पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी के नेता जयपाल सिंह बाऊ को सरेआम गोली मारने की घटना सामने आई है. जयपाल सिंह बाऊ को घायल हालत में अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया.