scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 24 मार्च 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वेस्ट एशिया के हालात पर राज्यसभा में सरकार का रुख रखा. वहीं, निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले हरीश राणा का एम्स में निधन हो गया.

Advertisement
X
मिडिल ईस्ट युद्ध पर राज्यसभा में बोले पीएम मोदी. (Photo: ITG)
मिडिल ईस्ट युद्ध पर राज्यसभा में बोले पीएम मोदी. (Photo: ITG)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि वेस्ट एशिया संघर्ष के प्रभाव लंबे वक्त तक रहेंगे. वहीं, निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का AIIMS में निधन हो गया. इन खबरों के अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हिंदू, सिख या बौद्ध के अलावा दूसरा धर्म अपनाने पर अनुसूचित जाति का दर्जा छिन जाएगा. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.

'इस युद्ध के प्रभाव लंबे वक्त तक रहेंगे', बोले पीएम मोदी, राज्य सरकारों को दिए दो टास्क

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में वेस्ट एशिया संघर्ष पर चर्चा की. PM मोदी ने कहा कि ईरान युद्ध 3 सप्ताह से अधिक समय से जारी है. इससे पूरी दुनिया में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा हो गया है. भारत के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि हमारा 80% तेल आयात होर्मुज से गुजरता है. उन्होंने कहा कि इस युद्ध के प्रभाव लंबे वक्त तक रहेंगे.

हरीश राणा को मिल गई 'इच्छामृत्यु', एम्स में 10 दिन भर्ती रहने के बाद ली आखिरी सांस

भारत में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का मंगलवार को AIIMS में निधन हो गया. वे 2013 से कोमा में थे और पिछले 13 वर्षों से लाइफ सपोर्ट सिस्टम के सहारे थे. 31 वर्षीय हरीश राणा को 14 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने हरीश की निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी.

Advertisement

हिंदू, सिख या बौद्ध के अलावा दूसरा धर्म अपनाया तो छिन जाएगा अनुसूचित जाति का दर्जा: SC 

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया. शीर्ष अदालत ने साफ किया कि हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म को अपनाने वाले व्यक्ति को अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं मिल सकता. कोर्ट ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को SC/ST अत्याचार निवारण कानून का संरक्षण भी नहीं मिलेगा. कोर्ट ने यह फैसला पादरी चिंथाडा आनंद केस में सुनाया.

रुपया पस्त, GDP सुस्त... महंगाई फिर मार डालेगी? युद्ध की भारत पर चोट

ईरान जंग का भारत पर गंभीर असर पड़ता हुआ दिख रहा है. ग्‍लोबल निवेश फर्म गोल्‍डमैन सैक्‍स ने भारत की अर्थव्‍यवस्‍था की ग्रोथ में कमी का अनुमान लगाया है. गोल्‍डमैन सैक्स ने कहा कि उसने कैलेंडर वर्ष 2026 में भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ रेट 5.9 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है, जबकि ईरान वॉर से पहले उसने 7 फीसदी का अनुमान लगाया था. 

IPL: 13,600 करोड़ में बिक गई राजस्थान रॉयल्स, अमेरिकी बिजनेसमैन ने खरीदा

अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी ने आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को खरीद लिया है. काल सोमानी ने इस आईपीएल फ्रेंचाइजी को 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ करीब 13,600 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा है. इस डील के साथ राजस्थान रॉयल्स दुनिया की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है. काल सोमानी IntraEdge, Academian और Truyo.AI के फाउंडर हैं.

Advertisement

मिडिल ईस्ट संकट: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अहम बैठक, तेल टैंकर्स की सेफ्टी पर बना प्लान

वेस्ट एशिया संकट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई, जो करीब डेढ़ घंटे चली. बैठक में एनर्जी सिक्योरिटी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय तेल टैंकर्स की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. इस बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, तीनों सेना प्रमुख और शीर्ष सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया.

RBSE 10th Result 2026 OUT: राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, 94.23% छात्र पास, फिर बेटियों ने मारी बाजी!

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने दसवीं क्लास का रिजल्ट घोषित कर दिया है. इस साल का कुल पास प्रतिशत 94.23% रहा है. छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in पर देख सकते हैं. छात्राओं का सफलता प्रतिशत 94.20% और छात्रों का सफलता प्रतिशत 93.63% रहा.

बादशाह ने गुपचुप रचाई शादी, गर्लफ्रेंड ईशा रिखी के गले में डाली वरमाला, सास ने शेयर की फोटो

रैपर और सिंगर बादशाह ने शादी कर ली है. वायरल तस्वीरों से साफ लग रहा है कि बादशाह ने अपनी गर्लफ्रेंड ईशा रिखी संग सीक्रेट वेडिंग कर ली है. तस्वीरों में बादशाह और ईशा पारंपरिक शादी के लुक में दिख रहे हैं. दोनों के गले में वरमाला है और शादी जैसा माहौल साफ नजर आ रहा है. शादी की ये तस्वीरें ईशा की मां पूनम ने शेयर की हैं.

Advertisement

सीमा पर पिनाका की सातवीं रेजिमेंट तैनात, PAK-चीन रहेंगे अपनी हद में...

भारतीय सेना ने पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर की सातवीं रेजिमेंट को बॉर्डर पर तैनात कर दिया है. पिनाका को DRDO ने विकसित किया है. इसका मुख्य काम दुश्मन के ठिकानों पर बहुत कम समय में भारी मात्रा में रॉकेट दागना है. पिनाका रेजिमेंट्स को भारत और पाकिस्तान सीमा और LAC दोनों जगहों पर तैनात किया गया है.

लोकसभा स्पीकर ने मंजूर किया प्रद्युत बोरदोलोई का इस्तीफा, कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे नगांव सांसद

असम की नगांव लोकसभा सीट से 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीते प्रद्युत बोरदोलोई ने 17 मार्च को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. वह बीजेपी में शामिल हो गए थे. प्रद्युत बोरदोलोई ने लोकसभा की सदस्यता से भी अपना इस्तीफा स्पीकर ओम बिरला को भेज दिया था. स्पीकर ओम बिरला ने इसे मंजूर कर लिया है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement