आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 24 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इज़रायल दौरे के दौरान वहां की संसद को संबोधित करेंगे. वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में भारतीय गवर्नर-जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की मूर्ति का अनावरण किया. इन खबरों के अलावा, भारत-यूएस ट्रेड डील के विरोध में आज भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन होगा. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
इजरायली संसद को संबोधित करेंगे PM मोदी, स्पीकर बोले- 'सदन खाली नहीं रहेगा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 फ़रवरी को दो दिवसीय इज़रायल दौरे पर जाएंगे और वहां संसद को संबोधित करेंगे. उनके भाषण के बहिष्कार की विपक्ष की धमकी पर स्पीकर अमीर ओहाना ने कहा है कि नेसेट में खाली सीटें पूर्व सांसदों से भर दी जाएंगी. आजतक के अनुसार, इजरायल में विपक्ष की शर्त है कि प्रोटोकॉल के तहत सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को भी बुलाया जाए.
राष्ट्रपति भवन में लुटियंस की जगह अब लगी राजाजी की मूर्ति... आर्किटेक्ट के परपोते ने जताया अफसोस
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्र भारत के पहले और एकमात्र भारतीय गवर्नर-जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी यानी राजाजी की प्रतिमा का अनावरण किया. आजतक के अनुसार, यह प्रतिमा ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस की प्रतिमा की जगह स्थापित की गई है, जिसे सरकार ने औपनिवेशिक प्रतीकों से आगे बढ़ने की व्यापक पहल का हिस्सा बताया.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में आज कांग्रेस की 'किसान महा चौपाल', खड़गे-राहुल होंगे शामिल
भारत अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदर्शन करने वाली है. इस आयोजन का नाम ‘किसान महा चौपाल’ रखा गया है. इस कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे. आज तक के अनुसार, यहां वो किसानों से बातचीत और उन्हें संबोधित करेंगे.
गुजरात मैरिज रजिस्ट्रेशन एक्ट में बदलाव का प्रस्ताव, एक्सपर्ट्स ने वैधानिकता पर उठाए सवाल
गुजरात सरकार ने गुजरात मैरिज रजिस्ट्रेशन एक्ट 2006 में बदलाव का प्रस्ताव दिया है. अब कपल्स को बताना होगा कि उन्होंने अपनी शादी के बारे में पेरेंट्स को बताया है या नहीं. अब रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के दौरान पेरेंट्स को बताना ज़रूरी होगा. आज तक के अनुसार, इन बदलावों में यह साफ़ नहीं है कि अगर पेरेंट्स शादी पर एतराज़ करते हैं तो क्या नतीजे होंगे.
रांची-दिल्ली एयर एम्बुलेंस हादसे में सभी 7 लोगों की मौत, झारखंड के चतरा में हुआ हादसा
झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया के पास सोमवार शाम को रांची से दिल्ली जाते समय एयर एम्बुलेंस के क्रैश हो गई. विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है. राज्य सरकार के एक बड़े अधिकारी ने यह जानकारी दी है. आज तक के अनुसार, यह क्रैश रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के एयरक्राफ्ट के रांची एयरपोर्ट से शाम 7:11 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हुआ.
भारत आ रहे कनाडा के PM कार्नी, ट्रूडो विवाद के बाद नए दौर की शुरुआत
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फ़रवरी को भारत दौरे पर आएंगे. वह पहले मुंबई जाएंगे और फिर नई दिल्ली पहुंचेंगे. दिल्ली में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात तय है. आज तक के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय ने आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेता भारत-कनाडा रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर विस्तार से चर्चा करेंगे.
इमरान खान को आखिरकार मिली मेडिकल हेल्प, हाई सिक्योरिटी में ले जाया गया PIMS
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को आंखों के इलाज के लिए कड़ी सुरक्षा में अडियाला जेल से पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनकी प्रभावित आंख में दूसरी एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल इंजेक्शन लगाया, जिससे रोशनी बहाल करने में मदद मिले. आज तक के अनुसार, जांच में उन्हें क्लिनिकली स्थिर पाया गया और बाद में वापस जेल भेज दिया गया.
भारत को मिलेगी आयरन डोम की तकनीक! PM मोदी के इजरायल दौरे पर डिफेंस डील संभव
रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को बड़ी मज़बूती मिल सकती है. इज़रायल के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इज़रायल यात्रा के दौरान रक्षा समझौतों का विस्तार होगा. आज तक के अनुसार, इस डील के तहत भारत को आयरन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम की तकनीक का हस्तांतरण हो सकता है.
Subedaar Trailer: भारी पड़ेगा इस फौजी से पंगा, 'आफत' है अनिल कपूर की सूबेदार, आ गया ट्रेलर
सूबेदार फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें अनिल कपूर एक रिटायर्ड फौजी के किरदार में नजर आ रहे हैं. ये फिल्म एक्शन-ड्रामा है जो एक सैनिक की जिंदगी, उसके परिवार और समाज से जुड़ी चुनौतियों को दर्शाती है. सूबेदार फिल्म का डायरेक्शन सुरेश त्रिवेणी ने किया है. आजतक के अनुसार, ये फिल्म 5 मार्च को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी.
आईसीसी मेन्स टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप के 44वें मैच में वेस्टइंडीज़ ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हरा दिया. जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी, लेकिन वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ों ने तूफ़ानी अंदाज़ में 254 रन ठोक दिए. आज तक के अनुसार, लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 147 रन पर सिमट गई और 18वें ओवर में ऑलआउट हो गई.