होर्मुज में ईरान की फायरिंग से भारतीय टैंकर समेत जहाज लौटे और तनाव बढ़ा. राहुल गांधी को दोहरी नागरिकता मामले में राहत मिली. IPL में संजू सैमसन को लेकर चर्चा तेज हुई. नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार हुआ. संसद का बजट सत्र खत्म हुआ. नासिक केस में जांच जारी है, जबकि महिला आरक्षण पर BJP-TMC में टकराव बढ़ा. पढ़ें शनिवार शाम की बड़ी खबरें.
होर्मुज में गोलियों की गूंज! ईरान ने की दो जहाजों पर फायरिंग, एक भारतीय टैंकर भी शामिल
ईरान ने सामरिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा अपने नियंत्रण में लेकर तुरंत बंद कर दिया है. इसके साथ ही खाड़ी में युद्ध जैसे हालात बनने लगे हैं. नाकेबंदी के चलते समुद्र में जहाजों की लंबी कतारें लग गई हैं, जबकि वहां से गुजर रहे दो जहाजों पर गोलीबारी की गई है. इसमें एक भारतीय जहाज भी शामिल है. ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने साफ कहा है कि अब इस रास्ते से गुजरने वाले हर व्यापारिक जहाज को IRGC की नौसेना से इजाजत लेनी होगी. ईरान के इस आक्रामक कदम के बाद अमेरिका के साथ तनाव फिर चरम पर है. इसका सीधा असर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और सुरक्षा पर पड़ता दिख रहा है.
गोलाबारी के बीच पीछे हटे तेल से भरे दो भारतीय जहाज, होर्मुज पर ईरानी गार्ड की कार्रवाई से बढ़ा तनाव
होर्मुज की खाड़ी में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दो जहाजों यानि टैंकर पर गोलियां चलाईं. इसके बाद दो भारतीय जहाजों को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. इनमें से एक भारतीय झंडे वाला बड़ा टैंकर है जिसमें 20 लाख बैरल इराकी तेल भरा हुआ था.
राहुल गांधी को 'दोहरी नागरिकता' मामले में बड़ी राहत, हाई कोेर्ट ने लगाई FIR पर रोक
राहुल गांधी को दोहरी नागरिकता से जुड़े मामले में FIR दर्ज करने से पहले नोटिस जारी किया गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने जगन्नाथ वर्मा केस का हवाला देते हुए उन्हें अपनी बात रखने का मौका देना जरूरी बताया. अब कोर्ट ने 20 अप्रैल 2026 को अगली सुनवाई तय की है.
CSK की कप्तानी करेंगे संजू सैमसन? IPL के बीच अश्विन की भविष्यवाणी ने मचाई हलचल
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी. संजू सैमसन ट्रेड होकर राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में आए हैं. संजू सैसमन एमएस धोनी की अनुपस्थिति में सीएसके के लिए विकेटकीपर की भूमिका भी निभा रहे हैं.
नोएडा हिंसा मामले का मास्टरमाइंड अरेस्ट, यूपी STF ने तमिलनाडु से किया गिरफ्तार
नोएडा में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले के मास्टरमाइंड आदित्य आनंद को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस और STF ने उसे तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है. उस पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और वो लंबे समय से फरार था.
लोकसभा में 93, राज्यसभा में 110% उत्पादकता... खत्म हुआ संसद का बजट सत्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से 28 जनवरी को शुरू हुआ बजट सत्र समाप्त हो गया है. 18 अप्रैल को कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इस सत्र के दौरान हुए कामकाज का ब्यौरा दिया और फिर कार्यवाही अनिश्चिकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. बजट सत्र के दौरान लोकसभा की उत्पादकता 93 प्रतिशत और राज्यसभा की 110 प्रतिशत रही.
नासिक धर्मांतरण कांड: दो बार अस्पताल क्यों गई निदा खान, डॉक्टर ने बताई 'असली कहानी'
नासिक धर्मांतरण मामले की मुख्य आरोपी निदा खान इलाज के लिए 11 और 13 अप्रैल को मुंब्रा के ब्लॉसम अस्पताल पहुंची थी, जहां उसे पेट दर्द और यात्रा में दिक्कत के चलते आराम की सलाह और मेडिकल लीव सर्टिफिकेट दिया गया. उधर, मामले में फरार निदा की तलाश तेज है, लेकिन उसका मोबाइल बंद है और लोकेशन नहीं मिल रही. पुलिस की तीन टीमें छापेमारी कर रही हैं. वकील ने उसे गर्भवती बताते हुए अग्रिम जमानत की अर्जी दी है.
Exclusive: 'सिर्फ अपने परिवार की महिलाओं को आगे लाना चाहती है कांग्रेस', स्मृति ईरानी का दावा
महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में पारित न हो पाने के बाद सरकार और विपक्ष के बीच तनाव बढ़ गया है. केंद्र सरकार इस बिल के पारित न होने का जिम्मेदार विपक्ष को ठहरा रही है. इसी सिलसिले में बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस के इरादों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
संसद से सड़क तक टकराव... महिला आरक्षण बिल पर TMC बनाम BJP, ममता बोलीं - बीजेपी का पतन शुरू हो गया
संसद में महिला आरक्षण बिल के गिरने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिना नाम लिए जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का पतन शुरू हो गया है और मोदी सरकार बहुमत के बिना सिर्फ दूसरों के सहारे टिकी है. इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी आई तो TMC का खेल खत्म.