चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. महाराष्ट्र में एक चरण में 288 सीटों पर मतदान होगा तो झारखंड में दो चरणों में वोटिंग होगी. झारखंड में पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होगा. दोनों राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे. इसके अलावा 48 विधानसभा सीटों पर और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान भी हुआ है. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच गए हैं. वहीं, निर्वाचन आयोग द्वारा महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा से चंद मिनट पहले, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निचले स्तर के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस की घोषणा की है. पढ़ें मंगलवार की पांच बड़ी खबरें...
1. महाराष्ट्र में 20, झारखंड में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग, 23 नवंबर को नतीजे
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. महाराष्ट्र में एक चरण में 288 सीटों पर मतदान होगा तो झारखंड में दो चरणों में वोटिंग होगी. झारखंड में पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होगा. दोनों राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.
2. एयर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, अयोध्या एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. जयपुर से आ रही ये फ्लाइट अयोध्या होते हुए बेंगलुरु जाने वाली थी. बम की धमकी मिलने के बाद उसे अयोध्या एयरपोर्ट पर रोककर विधिवत तलाशी ली गई है. इस फ्लाइट में करीब 132 यात्री सवार थे. इस धमकी के बाद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया.
भारतीय निर्वाचन आयोग ने 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और वायनाड व नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. यूपी की 9 सीटों समेत 13 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होंगे. केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी 13 नवंबर को ही वोट डाले जाएंगे. वहीं, उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे. सभी विधानसभा और लोकसभा सीटों के उपचुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.
4. SCO समिट के लिए इस्लामाबाद पहुंचे जयशंकर, 9 साल बाद पाकिस्तान में भारत के विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच गए हैं. जहां पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों ने नूर खान एयरबेस पर उनका स्वागत किया. जयशंकर के एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा आयोजित दावत में शामिल होने की संभावनाएं हैं.
5. चुनाव के ऐलान से चंद मिनट पहले CM शिंदे का बड़ा तोहफा, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा दिवाली बोनस
निर्वाचन आयोग द्वारा महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा से चंद मिनट पहले, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निचले स्तर के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस की घोषणा की. उन्होंने बीएमसी (बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन) कर्मचारियों को भी 29 हजार रुपये बोनस देने की घोषणा की है. यह पिछले साल से तीन हजार रुपये ज्यादा है. किंडरगार्टन शिक्षकों और आशा वर्कर्स को भी बोनस मिलेगा. सोशल हेल्थ वालंटियर्स को दिवाली बोनस के रूप में 12,000 रुपये और किंडरगार्टन टीचर/हेल्पर को 5,000 रुपये मिलेंगे.