प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में RSP के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह को शानदार चुनावी जीत पर बधाई दी. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 30 दिनों तक रूसी तेल खरीदने की अस्थाई छूट जारी की. इन खबरों के अलावा, केंद्र सरकार ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तुरंत बढ़ोतरी की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
PM मोदी ने बालेंद्र शाह से फोन पर की बात, नेपाल चुनाव में RSP की प्रचंड जीत पर दी बधाई
पीएम मोदी ने नेपाल में 5 मार्च को हुए राष्ट्रीय चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने वाली RSP के शीर्ष नेताओं से टेलीफ़ोन पर बातचीत की है. उन्होंने आरएसपी अध्यक्ष रबी लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह से बात कर चुनाव में शानदार जीत पर शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने साथ ही नेपाल में बनने वाली नई सरकार के लिए भी अपनी शुभकामनाएं दीं.
रूसी तेल पर भारत को रियायत से अमेरिका में बवाल! ट्रंप के विरोधी बोले, 'दुश्मन को फायदा...'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 30 दिनों तक रूसी तेल ख़रीदने की अस्थाई छूट जारी की है. इस फ़ैसले पर अमेरिका में विवाद बढ़ गया है. विपक्षी डेमोक्रेट सांसदों ने ट्रंप प्रशासन से यह छूट तुरंत वापस लेने की मांग की है. उन्होंने ट्रेज़री सचिव स्कॉट बेसेंट को पत्र लिखकर इसे दुश्मन को फ़ायदा पहुंचाने जैसा क़दम बताया.
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में नहीं होगा इजाफा, इमरजेंसी तेल भंडार जारी नहीं करेगा भारत
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तुरंत बढ़ोतरी की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस समय एक्साइज ड्यूटी घटाने पर भी कोई विचार नहीं चल रहा. देश के पास पर्याप्त फ्यूल रिजर्व है और सप्लाई को लेकर कोई चिंता नहीं है. पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच केंद्र सरकार कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार नजर बनाए हुए है.
अबूधाबी में सबसे बड़े हिंदू मंदिर पर अलर्ट... जंग के बीच बंद किया गया BAPS टेंपल
UAE की राजधानी अबू धाबी स्थित BAPS हिंदू मंदिर को जंग के हालातों के मद्देनज़र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. मंदिर प्रशासन ने घोषणा की है कि मंदिर अगले आदेश तक श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा. फ़िलहाल यह आदेश 9 मार्च 2026 तक लागू है. हालांकि मंदिर में रहने वाले स्वामी और संत अंदर नियमित रूप से पूजा जारी रखेंगे.
राजस्थान में मार्च की शुरुआत में गर्मी ने दिखाए तेवर, कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब, बाड़मेर सबसे गर्म
राजस्थान में सोमवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से काफ़ी ज़्यादा दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार कई शहरों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 5 से 10 डिग्री ज़्यादा है. फ़िलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले एक हफ़्ते तक ऐसे ही हालात रहने की संभावना है.
समंदर में फंसे लाखों बैरल रूसी तेल को रिलायंस ने खरीदा, ईरान जंग के बीच इतना सस्ता मिला ऑयल
भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड ने मार्च डिलीवरी के लिए कम से कम 60 लाख बैरल रूसी तेल ख़रीदा है. ईरान में अमेरिका-इज़रायल के बीच चल रही जंग के कारण मध्य-पूर्व से तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है. बताया जा रहा है कि रिलायंस ने वही रूसी तेल ख़रीदा है, जो कई महीनों से समंदर में फंसा था और जिसे लंबे समय से कोई ख़रीदार नहीं मिल रहा था.
दिल्ली दंगा: शरजील इमाम को 10 दिन की अंतरिम जमानत, भाई की शादी में होंगे शामिल
दिल्ली दंगा मामले में आरोपी शरजील इमाम को दिल्ली की एक कोर्ट ने उन्हें 10 दिन की अंतरिम ज़मानत दी है. उनको यह राहत उनके भाई की शादी में शामिल होने और बीमार मां की देखभाल के लिए मिली है. हालांकि यह राहत सीमित अवधि के लिए है और 10 दिन बाद उन्हें कोर्ट के निर्देशों के अनुसार आगे की क़ानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा.
कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा की विधायकी खत्म, रामनिवास रावत घोषित हुए नए MLA! क्रिमिनल रिकॉर्ड छिपाना पड़ा भारी
मध्य प्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस को झटका लगा है. ग्वालियर हाईकोर्ट की बेंच ने कांग्रेस MLA मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया है. कोर्ट ने बीजेपी नेता रामनिवास रावत को विजयपुर का नया विधायक घोषित करने का आदेश दिया. आरोप है कि मल्होत्रा ने नामांकन में आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी छिपाई थी.
'हमें बताए बिना ईरान से बाहर जाने की न करें कोशिश', भारतीय दूतावास की नागरिकों को एडवाइजरी
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइज़री जारी की है. दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिक बिना पूर्व समन्वय के ईरान की किसी भी स्थलीय सीमा की ओर यात्रा न करें. अगर किसी वजह से देश से बाहर जाने के लिए लैंड बॉर्डर की ओर जाना आवश्यक हो, तो पहले दूतावास से अनुमति लेना अनिवार्य है.
अस्पताल के बाहर लगा टेंट... MP के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल शुरू, जानिए क्या हैं प्रमुख मांगें?
लंबित स्टाइपेंड संशोधन को लेकर मध्यप्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के जूनियर डॉक्टर आज हड़ताल पर हैं. जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे ओपीडी में सेवाएं नहीं देंगे. एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अप्रैल 2025 से बकाया एरियर के भुगतान पर कोई जानकारी नहीं दी गई है.