महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके की 29 वर्षीय महिला से शादी का झांसा देकर 6.75 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने खुद को यूके निवासी बताकर मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया और शादी की बात शुरू की. पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर 26 मार्च को मुंब्रा पुलिस ने आदनान अहमद और एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया. अधिकारियों ने बताया कि यह धोखाधड़ी 27 जनवरी से 13 मार्च के बीच हुई. मामले में शामिल अन्य बैंक खाताधारकों की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 58 साल के शख्स पर 10 साल की बच्ची से दरिंदगी का आरोप, ठाणे में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस का कहना है कि महिला को आरोपी की प्रोफाइल मैट्रिमोनियल साइट पर मिली थी, जहां उसने खुद को यूके का निवासी बताया था. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और शादी को लेकर चर्चा होने लगी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान जब्त होने का झांसा
27 जनवरी को आरोपी ने महिला से संपर्क कर बताया कि वह भारत आ रहा है. उसने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसके सोने के गहने और विदेशी मुद्रा जब्त कर ली है.
आरोपी ने महिला से कहा कि सामान छुड़ाने के लिए ‘फाइन और क्लियरेंस’ के नाम पर तुरंत पैसे की जरूरत है. आरोपी के झांसे में आकर महिला ने उसके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.
कुछ समय बाद आरोपी ने महिला के कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ.
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में एक अज्ञात महिला को भी आरोपी बनाया गया है, जिसने कथित तौर पर इस अपराध में मदद की.
एफआईआर में उन बैंक खाताधारकों का भी जिक्र है, जिनके खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.