महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में संपत्ति विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जब परिवार के भीतर ही खून-खराबा हो गया. दक्षिण सोलापुर तालुका के एक गांव में गुरुवार आधी रात को हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है. आरोप है कि सगे चाचा ने ही अपने भाई के परिवार पर हमला कर तीन लोगों की जान ले ली.
पुलिस के अनुसार, इस घटना में गायत्री सुधाकर मस्के, उनकी बेटी प्रिया मस्के और बेटे शिवराज मस्के की मौत हो गई. वारदात के बाद गांव में सन्नाटा और लोगों में गुस्सा दोनों साफ महसूस किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका गायत्री मस्के और मुख्य आरोपी शंकर उर्फ पप्पू मस्के के बीच पिछले कुछ महीनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था.
बताया जा रहा है कि गायत्री मस्के ने आरोपी से करीब 25 लाख रुपये की उधारी भी वापस मांगी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. गुरुवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही सोलापुर तालुका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इस मामले में मुख्य आरोपी शंकर मस्के समेत कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. स्थानीय अपराध शाखा की टीम भी आरोपी की धरपकड़ में जुटी हुई है.
पुलिस निरीक्षक राहुल देशपांडे ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और संपत्ति विवादों के खतरनाक अंजाम की ओर इशारा किया है.
गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने इंसानी रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.