पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में पुलिस ने एक बिजनेसमैन को किडनैप करने और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों ने 50 लाख रुपये मांगे हैं.
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने सोमवार को रहातानी इलाके से बिजनेसमैन को किडनैप किया और एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) में भाग गए. किडनैपिंग की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के परिवार ने पुलिस को बताया. जिसके बाद किडनैपर्स का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गईं.
यह भी पढ़ें: VIDEO: पहले की मारपीट, फिर जबरन खिलाया गोबर... पुणे में गोरक्षकों की ट्रक ड्राइवर से दबंगई
आरोपियों ने उसके परिवार वालों को फोन करके 50 लाख रुपये मांगे और मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी दी. परिवार से पुणे-अहिल्यानगर बॉर्डर से आले फाटा पहुंचकर फिरौती देने को भी कहा. पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि टेक्निकल इनपुट के आधार पर हमें पता चला कि किडनैपर एक SUV में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे. इसलिए, टीमों ने आले फाटा के पास जाल बिछाया और अहिल्यानगर पुलिस को सूचित किया.
इसके बाद अहिल्यानगर जिले में संगमनेर के पास भी जाल बिछाया गया. अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपियों ने व्यापारी को अहिल्यानगर जिले में चंदनपुरी घाट के पास छोड़ दिया. ऐसा लगता है कि उन्हें डर लगने लगा था. अहिल्यानगर पुलिस की एक टीम ने सोमवार शाम को संगमनेर टोल प्लाजा के पास पांच आरोपियों को रोककर गिरफ्तार कर लिया, जबकि व्यापारी को सुरक्षित बचा लिया गया.
जब्त सामान की कीमत है 18 लाख रुपये
पुलिस ने कहा कि छठे व्यक्ति जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले संतन चौहान के रूप में हुई है. जिसने पहले व्यापारी के साथ काम किया था. चौहान ने ही किडनैपर्स को जानकारी दी थी. आरोपियों के पास से दो देसी बंदूकें, छह जिंदा कारतूस और एक कार मिली है. जब्त सामानों की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये है.