महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां गंदे पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह साल के एक बच्चे की मौत हो गई. यह हादसा वाठोडा थाना क्षेत्र में हुआ, जिसने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दानिश फैयाज अंसारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दानिश मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने घर के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह पड़ोसी के घर के पास पहुंचा, जहां गंदे पानी से भरा एक गड्ढा था. खेलते-खेलते वह अनजाने में उसी गड्ढे में गिर गया.
कुछ देर बाद आसपास के लोगों की नजर गड्ढे के बाहर दिख रहे उसके हाथ पर पड़ी, जिसके बाद उसे तुरंत बाहर निकाला गया. उस समय बच्चा बेहोश था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी. परिजन उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे सक्करदरा इलाके के एक अन्य अस्पताल में रेफर किया गया.
डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही वाठोडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वरिष्ठ थानेदार हरीश बोराडे ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों को ढांढस बंधाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है. घटनास्थल का पंचनामा किया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.
---