scorecardresearch
 

पोर्शे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, फिर दूसरी कार को मारी टक्कर, 8 वर्षीय लड़का घायल

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार पोर्शे कार बेकाबू होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी कार से जा भिड़ी. हादसे में दूसरी कार में सवार 8 वर्षीय लड़का घायल हो गया, जबकि पोर्शे में मौजूद चालक और उसका साथी एयरबैग खुलने से सुरक्षित बच गए. पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
चालक पर केस दर्ज.(Photo: Representational)
चालक पर केस दर्ज.(Photo: Representational)

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बन गई. एक लग्जरी पोर्शे कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी कार में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और दूसरी कार में सवार 8 वर्षीय लड़का घायल हो गया.

पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पोर्शे कार काफी तेज रफ्तार में चल रही थी. इसी दौरान चालक विजय पांडे वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही दूसरी कार से जा भिड़ी.

यह भी पढ़ें: पहले ACP, फिर DCP बनकर करता रहा ठगी... मुंबई पुलिस ने रेलवे ASI को दबोचा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

एयरबैग खुलने से चालक और सहयात्री की बची जान

हादसे में पोर्शे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चालक विजय पांडे और उसके साथ बैठे सहयात्री को गंभीर चोट नहीं आई.

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया. हादसे के कारण कुछ समय तक कोस्टल रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रहा.

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है.

चालक पर केस दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने पोर्शे चालक विजय पांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, धारा 125(ए) और धारा 324(4) के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है.

जांच अधिकारी अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, ताकि हादसे के समय कार की वास्तविक रफ्तार और पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. चालक से भी पूछताछ जारी है.

गौरतलब है कि 15 जुलाई को भी मुंबई कोस्टल रोड की सुरंग में एक कार में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement