महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां कुएं के पानी और रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने चाचा-चाची की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात के बाद खुद ही चौकी में जाकर सरेंडर कर दिया.
यह घटना रविवार की सुबह औंढा नागनाथ पुलिस थाने की सीमा में आने वाले वडद गांव में हुईं. पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच साझा कुएं से पानी लेने के लिए आठ दिन की बारी तय की थी. इसी मुद्दे पर हुए झगड़े के युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी देवेंद्र चोपड़े की उम्र 23 साल है. देवेंद्र ने खेत से लौट रहे अपने चाचा त्र्यंबक चोपड़े पर हमला किया. अधिकारियों के मुताबिक, देवेंद्र ने 55 साल के त्र्यंबक का गला काट दिया.
इसके बाद देवेंद्र अपने चाचा के घर पहुंचा और वहां अपनी चाची मंगल पर जानलेवा हमला किया. इस हमले में मंगल की भी मौत हो गई. चाचा और चाची की हत्या के बाद देवेंद्र जलवाल बाजार पुलिस चौकी पहुंचा और उसने आत्मसमर्पण कर दिया.
यह भी पढ़ें: जिसकी हत्या की, उसी के अंतिम संस्कार में घड़ियाली आंसू बहाए! औरैया में फोन कॉन्फ्रेंस पर रची गई थी लूट की साजिश
काफी समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, देवेंद्र और त्र्यंबक के परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. यह विवाद दोनों परिवारों के घरों के बीच मौजूद रास्ते और साझा कुएं से पानी लेने के अधिकार को लेकर था.
दोनों परिवारों के लिए कुएं से पानी भरने की व्यवस्था तय की गई थी. फैसले के मुताबिक, दोनों परिवार आठ-आठ दिन की बारी के हिसाब से कुएं से पानी लेते थे. पुलिस ने बताया कि इसी व्यवस्था को लेकर दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ, जो इस दोहरे हत्याकांड की वजह बना. पुलिस ने देवेंद्र चोपड़े को हत्या और अन्य अपराधों के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है.