महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने असदुद्दीन ओवैसी के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राज्य में राजनीतिक दल के रुप में कराए गए रजिस्ट्रेशन को रद्द कर दिया है. इसके बाद पार्टी बीएमसी चुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतार पाएगी.
चंदे और फंड के बारे में नहीं दी जानकारी
आयोग ने बुधवार को यह फैसला लेते हुए कहा कि पार्टी की ओर से अभी तक चंदे और दूसरे फंड के बारे में जरूरी जानकारी नहीं दी गई है. इसलिए पार्टी का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाता है.
ओवैसी ने मानी गलती, कहा- जल्द जमा करेंगे कागजात
इस मामले में पार्टी के प्रमुख 'इंडिया टुडे' कहा कि हमसे भूल हो गई. हम जल्द ही चुनाव आयोग के सामने जरूरी दस्तावेज पेश कर देंगे. स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने की इजाजत भी हम आयोग से मांगेंगे.
विधानसभा में ओवैसी के दो विधायक
हैदराबाद तक ही सीमित रही पार्टी एमआईएम ने महाराष्ट्र में पहली बार विधान सभा का चुनाव लड़ा था. इस दौरान उसके दो विधायक चुनकर सदन में पहुंचे थे. प्रदेश में कुल 24 सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे थे.
विधानसभा में किया मनसे से बेहतर प्रदर्शन
पहले ही चुनाव में एमआईएम ने की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना जैसी स्थानीय पार्टियों से बेहतर प्रदर्शन करके सबको चौंका दिया था. दो सीटें जीतने के साथ ही पार्टी पांच सीटों पर दूसरे नंबर पर और नौ सीटों पर तीसरे स्थान पर रही थी.
विधायक वारिस पठान पा चुके हैं चर्चा
सरकार गठन के बाद विधान सभा में एमआईएम विधायक वारिस पठान को नारा लगाने के मामले में सदन से कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया था.