महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 'मेड इन पाकिस्तान' ब्यूटी प्रोडक्ट की बिक्री को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शहर के अलग-अलग इलाकों में चल रही इस अवैध गतिविधि पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने तीन दुकानों पर छापेमारी करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
डीसीपी रत्नाकर नवले के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ दुकानों पर पाकिस्तानी ब्यूटी प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर की तीन दुकानों पर छापा मारा. इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में 'मेड इन पाकिस्तान' प्रोडक्ट बरामद हुए.
इनमें ग्लोरी, झलक, फेस कोल्ड, गोल्ड ब्यूटी क्रीम समेत कई तरह के कॉस्मेटिक सामान शामिल हैं. सभी उत्पादों को जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी चौक पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है.
उन पर विदेशी व्यापार अधिनियम की धारा 3, भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है कि इस मामले में दो दिन पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई थी.
इस शिकायत में कहा गया था कि शहर में बड़े पैमाने पर 'मेड इन पाकिस्तान' ब्यूटी प्रोडक्ट खुलेआम बेचे जा रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है. इसके साथ ही एमएनएस के नेताओ ने चेतावनी भी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद सख्त कदम उठाएंगे.
उनकी तरफ से दुकानों को जलाने की धमकी भी दी गई थी. इस चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आई और महज 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों पर छापेमारी की गई. तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और अवैध सामान जब्त कर लिया गया.
एमएनएस का कहना था कि पाकिस्तान दुश्मन देश है. हां के उत्पादों का इस्तेमाल करना आर्थिक रूप से उसे मदद पहुंचाने जैसा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. सामान किस रूट से लाया जा रहा है, इसका पता लगाया जा रहा है.