scorecardresearch
 

महाराष्ट्र: गैस संकट बेअसर! यहां भाप से रोज 40 हजार लोगों का बनता है खाना!

गैस की कमी के बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में Anna Amrut Foundation रोजाना हजारों लोगों को पौष्टिक खाना उपलब्ध करा रही है. ये संस्था सौर ऊर्जा और भाप से खाना बना रही है और हर रोज 30 से 40 हजार बच्चों को खाना खिला रही है.

Advertisement
X
संस्था 2012 से भाप से खाना बना रही है. (Photo: ITGD)
संस्था 2012 से भाप से खाना बना रही है. (Photo: ITGD)

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में गैस की कमी का असर होटल कारोबार और छोटे उद्योगों पर साफ दिखाई दे रहा है. गैस संकट की  वजह से कई जगहों पर कामकाज प्रभावित हुआ है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

लेकिन इसी संकट के बीच एक संस्था ऐसी भी है जो रोज़ाना हजारों लोगों के लिए खाना तैयार कर रही है और वो भी बहुत कम गैस का इस्तेमाल करके. शहर में Anna Amrut Foundation की तरफ से संचालित रसोई में भाप की मदद से खाना पकाया जा रहा है, जिससे गैस की खपत काफी कम हो गई है.

ये संस्था ISKCON के केंद्र के जरिए पोषण आहार योजना के तहत स्कूली विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराती है. यहां रोजाना लगभग 35 से 40 हजार विद्यार्थियों के लिए खाना तैयार किया जाता है. इसके साथ ही अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों को भी मुफ्त खाना उपलब्ध कराया जाता है.

2012 में शुरु हुआ था एक्सपेरिमेंट

रसोई में सौर ऊर्जा से पैदा होने वाली बिजली और गर्म पानी की मदद से भाप के जरिए खाना पकाया जाता है. एक बड़े किचन हॉल में 600 लीटर क्षमता वाले सात बड़े कुकर लगाए गए हैं, जिनमें एक बार में करीब 400 किलो खाना भाप से तैयार किया जा सकता है. ये एक्सपेरिमेंट साल 2012 में छोटे स्तर पर शुरू हुआ था, जो अब बड़े पैमाने पर सफल मॉडल बन चुका है.

Advertisement

भाप से बन रहा करीब 90 प्रतिशत खाना

संस्था के प्रबंधक सुदर्शन पोतभरे के मुताबिक, पहले पूरी तरह गैस पर खाना बनाया जाता था, लेकिन धीरे-धीरे सौर ऊर्जा और भाप से खाना पकाने की प्रणाली विकसित की गई. आज करीब 90 प्रतिशत खाना भाप से तैयार होता है, जबकि गैस का इस्तेमाल सिर्फ 10 प्रतिशत रह गया है.

यह भी पढ़ें: LPG Crisis Impact: एलपीजी संकट के बीच सरकार ने बदला नियम... PNG वालों के लिए अलर्ट, फटाफट करें ये काम

रसोई में सप्ताह के अलग-अलग दिनों में खिचड़ी, सांभर, उसल, आमटी, पुलाव, मटर पनीर, सब्जियां, वरण और चावल जैसे पकवान बनाए जाते हैं. चपाती सेंकने और कुछ व्यंजनों की फड़नी के लिए ही गैस का इस्तेमाल किया जाता है.

रोजाना सिर्फ एक से दो सिलेंडर का ही इस्तेमाल

नगर निगम के सहयोग से चल रहे इस फूड शेल्टर के लिए सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को भी पत्र भेजा गया है. फिलहाल यहां रोजाना सिर्फ एक से दो सिलेंडर का ही इस्तेमाल हो रहा है, इसलिए गैस संकट के बावजूद भोजन सेवा लगातार जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement