महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के गोल वाली परिसर स्थित एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार इस गोदाम में बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल और कार एसेसरीज रखी हुई थीं. आग लगते ही ये सामान तेजी से इसकी चपेट में आ गया. देखते ही देखते आग पूरे गोदाम में फैल गई और अंदर रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. आग की तेजी इतनी ज्यादा थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम इसकी गिरफ्त में आ गया.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. संभाजीनगर नगर निगम की 8 दमकल गाड़ियां और MIDC की 2 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. कुल 10 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया.
आग पर काबू पाना आसान नहीं था. दमकल कर्मियों को करीब 2 घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सका. इस दौरान एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को खाली कराया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त जी श्रीकांत भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
आयुक्त ने यह भी कहा कि बढ़ती गर्मी और तेज धूप के चलते इस तरह की आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने घर, दुकान, गोदाम और ऑफिस में फायर सेफ्टी उपकरण जैसे फायर एक्सटिंग्विशर और अलार्म सिस्टम जरूर रखें और समय-समय पर उनकी जांच करते रहें. फिलहाल नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा प्रक्रिया शुरू की जा रही है और आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है. फायर ब्रिगेड की टीम ने अपनी तत्परता दिखाते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया.