गो हत्या के आरोप में उधमपुर में 10 दिन पहले पेट्रोल बम हमले में बुरी तरह घायल हुए एक ट्रक खलासी जाहिद रसूल की मौत के बाद बुलाए गए बंद को देखते हुए अधिकारियों ने कश्मीर के आठ इलाकों में सोमवार को प्रतिबंध लागू कर दिए और कई अलगाववादी नेताओं को नजरबंद कर दिया.
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी-पीडीपी गठबंधन को जिम्मेदार ठहराया है और आरोप लगाया है कि सरकार बीफ बैन के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है.
कई इलाकों में कड़ा प्रतिबंध
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि के अनंतनाग और बिजबेहरा पुलिस थाना इलाकों में लोगों के आने-जाने पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है. इसके अलावा श्रीनगर के छह पुलिस थानों- एमआर गंज, नौहट्टा, सफा कदाल, मैसुमा, रैनावाड़ी और खानयार में भी प्रतिबंध लागू किए गए हैं.
10 दिन पहले हुई थी घटना
बता दें कि उधमपुर में 10 दिन पहले एक पेट्रोल बम हमले में बुरी तरह झुलसे एक खलासी जाहिद ने दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था जिसके बाद घाटी के कई हिस्सों में रविवार को हुए एहतियातन कदम उठाते हुए प्रतिबंध लगाए गए हैं. इस मामले में गिरफ्तार सात में से पांच लोगों के खिलाफ जन सुरक्षा कानून लगाया गया है. उनके खिलाफ 307/336/436/147/148/120-B/427 RPC and 3/5 के तहत केस दर्ज किया गया है.
अधिकारी ने बताया कि सैयद अली शाह गिलानी और शब्बीर अहमद शाह समेत कई अलगाववादी नेताओं को नजरबंद रखा गया है.