scorecardresearch
 

सिंगर मासूम शर्मा ने लाइव शो में मंच से दी गालियां, हरियाणा महिला आयोग ने भेजा नोटिस

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मासूम शर्मा को देहरादून कार्यक्रम में अभद्र भाषा के आरोप में समन जारी किया. उन्हें 18 अप्रैल को पंचकूला में पेश होने को कहा गया है. आरोप है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के जाने के बाद उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया. विवाद के बाद उन्होंने माफी मांगी. पहले भी उन पर आरोप लग चुके हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है.

Advertisement
X
महिला आयोग ने कार्रवाई की चेतावनी दी है. Photo ITG
महिला आयोग ने कार्रवाई की चेतावनी दी है. Photo ITG

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गायक मासूम शर्मा को देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र भाषा और अनुचित व्यवहार के आरोपों को लेकर समन जारी किया है. आयोग ने नोटिस में कहा है कि इन आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और यदि यह साबित होते हैं तो यह महिलाओं की गरिमा, शालीनता और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है.

आयोग ने इस मामले को महिलाओं के अधिकारों और सार्वजनिक आचरण से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में जांच के दायरे में लिया है. हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 की धारा 10(1)(f) और 10(1)(h) के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए आयोग ने मासूम शर्मा को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है.

नोटिस के अनुसार, उन्हें 18 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे पंचकूला स्थित आयोग के कार्यालय में उपस्थित होना होगा. साथ ही उनसे आरोपों पर अपना स्पष्टीकरण देने और अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है. आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि समन का पालन नहीं किया गया तो अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की उचित कार्रवाई की जा सकती है.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शनिवार को छात्रसंघ समारोह के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मासूम शर्मा और गायक अजय हुड्डा ने प्रस्तुति दी थी. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे. आरोप है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद मासूम शर्मा ने मंच से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी, कॉलेज स्टाफ और छात्र असहज हो गए. बताया जा रहा है कि उस दौरान मौजूद खानपुर विधायक उमेश शर्मा ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी.

Advertisement

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में थे और उसी का असर मंच पर दिखाई दिया. उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए खेद जताते हैं.

गौरतलब है कि मासूम शर्मा पहले भी विवादों में रह चुके हैं. साल 2024 में एक महिला ने उन पर मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे, जबकि 2025 में हरियाणा सरकार ने “गन कल्चर” को बढ़ावा देने के आरोप में उनके गानों को यूट्यूब से हटाने के निर्देश दिए थे. इसके अलावा फरवरी में जींद में एक लाइव शो के दौरान भी उनके विवादित बयान को लेकर हंगामा हुआ था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement