scorecardresearch
 

गुजरात: 'स्पेशल 26' स्टाइल में खुला फर्जी बैंक, 200 ग्राम सोना लेकर पिछले दरवाजे से फरार

दाहोद में फिल्म स्पेशल 26 जैसी ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के नाम पर ऑफिस किराए पर लेकर बैंक जैसा पूरा सेटअप तैयार किया. इसके बाद एक ज्वैलर्स से 200 ग्राम सोना मंगवाया और भुगतान के बहाने पीछे के दरवाजे से फरार हो गए. पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
ज्वैलर्स को लाखों रुपये का चूना लगा. (Photo: Screengrab)
ज्वैलर्स को लाखों रुपये का चूना लगा. (Photo: Screengrab)

गुजरात के दाहोद में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी तुलना फिल्म स्पेशल 26 की कहानी से की जा रही है. आरोपियों ने शहर की एक मशहूर बिल्डिंग में ऑफिस किराए पर लेकर खुद को उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का प्रतिनिधि बताया और कुछ ही दिनों में एक कारोबारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया. जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने दाहोद की एक प्रसिद्ध बिल्डिंग में ऑफिस किराए पर लिया. इसके बाद वहां बैंक जैसा पूरा माहौल तैयार किया गया. बैंक का सेटअप और जरूरी उपकरण चेक के जरिए खरीदे गए. ऑफिस का किराया भी चेक से ही अदा किया गया, ताकि किसी को उन पर शक न हो.

विश्वास पैदा करने के लिए आरोपियों ने स्थानीय लोगों को नौकरी के लिए इंटरव्यू देने के लिए भी बुलाया. इससे लोगों को यह भरोसा हो गया कि यहां वास्तव में एक नया बैंक शुरू होने जा रहा है. इसके बाद आरोपियों ने दाहोद के एक ज्वैलर्स से संपर्क किया. फोन पर उन्होंने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर सोना दान किया जाना है. इसी बहाने बैंक की ओर से 200 ग्राम सोने का ऑर्डर दिया गया.

मशहूर बिल्डिंग में खोला गया बैंक जैसा ऑफिस

ज्वैलर्स तय समय पर सोना लेकर कथित बैंक कार्यालय पहुंचा. वहां आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि भुगतान बैंक के लॉकर से किया जाएगा. इसी बहाने कारोबारी को कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ऑफिस के पिछले दरवाजे से 200 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए. जब काफी देर तक कोई वापस नहीं आया, तब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ.

Advertisement

भुगतान का बहाना बनाकर पिछले दरवाजे से फरार हुए आरोपी

घटना की जानकारी मिलने के बाद दाहोद ए डिवीजन पुलिस ने पूरे मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने बैंक का फर्जी सेटअप कैसे तैयार किया और इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हो सकता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- गोस्वामी ध्रुव गिरी अजय गिरी
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement