आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात दौरे के दूसरे दिन भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. सूरत में आयोजित आप के क्षेत्रीय बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल में भाजपा ने गुजरात के व्यापार, रोजगार, स्कूल, अस्पताल, सड़क और नरेगा तक को बर्बाद कर दिया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अब जागने का समय है और झाड़ू चलाकर अपनी सरकार बनानी चाहिए.
इस दौरान, केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भ्रष्टाचार, पेपर लीक, टूटी सड़कों और पुल गिरने जैसी घटनाओं ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जनता इन समस्याओं पर कब तक चुप रहेगी.
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
आप प्रमुख ने कहा कि राज्य के किसान भाजपा सरकार से नाराज हैं. उन्होंने बोटाद में किसानों पर हुए कथित लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने घरों से उठाकर जेल में डाल दिया. केजरीवाल का दावा था कि इस घटना को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है.
यह भी पढ़ें: 'गुजरात में इस बार बनेगी जनता की सरकार...', केजरीवाल का भाजपा-कांग्रेस पर तीखा हमला
भ्रष्टाचार के आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि नरेगा समेत कई योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है. उन्होंने कहा कि आप विधायक चैतर वसावा ने जब इन मामलों में रिकॉर्ड मांगे तो उन्हें जेल भेज दिया गया. उनके मुताबिक, जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे दबाने की कोशिश की जाती है.
उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भर्ती परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक हो रहे हैं. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
बुनियादी सुविधाओं पर सवाल
मोरबी पुल हादसे और अन्य पुल गिरने की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में कई बड़े हादसे हो चुके हैं. इसके अलावा, सूरत में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह पिछले 30 साल के शासन का नतीजा है. उन्होंने कहा कि विसावदर की जनता ने बड़े-बड़े नेताओं को हराकर एक आम आदमी को जीत दिलाई. अगर जनता एकजुट हो जाए तो पूरे गुजरात में भी ऐसा बदलाव संभव है.
यह भी पढ़ें: बिना सेफ्टी 101 मंजिला इमारत पर चढ़े पर्वतारोही एलेक्स होनोल्ड, थम गई लोगों की सांसें
पंजाब मॉडल का जिक्र
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां किसानों को मुफ्त बिजली मिल रही है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं. उनके मुताबिक पंजाब में 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में परिवारों को फायदा मिल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार ने महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की योजना की घोषणा की है. उनका दावा है कि अगर गुजरात में आप की सरकार बनती है तो ऐसी योजनाएं यहां भी लागू की जा सकती हैं.
इतना ही नहीं, इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राज्य में बदलाव के लिए आगे आएं और आम आदमी पार्टी को मजबूत करें, ताकि आने वाले चुनावों में जनता अपने लिए वोट देकर राज्य में जनता की सरकार बना सके.