दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में स्थित एक जूता-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. दिल्ली फायर सर्विस को इस दुर्घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजकर 31 मिनट पर मिली. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन ऑफिसर नवीन ठकरान के नेतृत्व में दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे मेक फोर घोषित कर दिया. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की बीट टीम भी फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया. फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से तेजी से बचाव अभियान चलाया. बचाव अभियान के दौरान इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल के कमरों से कुल 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों को तुरंत कैट्स एम्बुलेंस के माध्यम से पास के संजय गांधी अस्पताल भिजवाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है. अधिकारियों के अनुसार यह फैक्ट्री जूते और चप्पल बनाने तथा उन्हें रिस्टोर करने का काम करती थी. शुरुआती जांच में पता चला है कि आग इमारत के बेसमेंट में लगी थी, हालांकि आग लगने की मुख्य वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है. दमकल विभाग का सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है. पुलिस प्रशासन मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहा है और घटना के लिए जिम्मेदार आरोपियों की तलाश में जुटा है.