जून का महीना अब समाप्त होने की ओर है, लेकिन गर्मी है कि कम होने का नाम नहीं ले रही. जून महीने के अंत में भी दिल्ली और आसपास यानी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रहने वाले लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं. पारा 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन हीट इंडेक्स यानी फील्स लाइक तापमान 51.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा. बारिश के इंतजार में लोग बेहाल हैं और यह इंतजार है कि खतम होने का नाम ही नहीं ले रहा.
बारिश का इंतजार कर रहे दिल्ली वालों के लिए 4 जुलाई की तारीख अहम होने वाली है. मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट ने अपडेट दिया है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मानसून 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है. स्काईमेट के मौसम एवं जलवाय़ु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा है कि मानसून की देरी के कारण तापमान असामान्य रूप से अधिक बना हुआ है.
उन्होंने कहा है कि मानसून सामान्य परिस्थितियों में 27-28 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है. इससे तापमान में गिरावट आने लगती है, लेकिन इस वर्ष मानसून एक हफ्ते की देरी से दिल्ली पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली में 29 जून को गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. मानसून के नजरिये से 4 जुलाई की तारीख दिल्ली वालों के लिए अहम बताई जा रही है.
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिन मानसून के अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी. दक्षिण-पश्चिम मानसून इन पांच दिनों में उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों तक अगले दो से तीन दिन में मानसून पहुंचने के अनुमान जताए हैं.
यह भी पढ़ें: सूख गईं मुंबई की झीलें, पाताल में पहुंचा पानी... मानसून की बेरुखी से 'डेथ स्टेज' में पहुंचे मायानगरी के जलाशय!
गौरतलब है कि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 31.1 और अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. दिल्ली में इससे पहले जून महीने के दौरान 2024 में ऐसा हुआ था, जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा था. 14 जून 2024 को न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था.
यूपी-उत्तराखंड के लिए आया अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 29 जून को लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगह तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने के अनुमान जताए हैं. उत्तराखंड में भी अलग-अलग जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के देहरादून केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है.
यह भी पढ़ें: मुंबई में मानसून की धमाकेदार एंट्री, चिलचिलाती गर्मी के बाद हुई झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में अलग-अलग जगह बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अनुमान जताया है. बता दें कि इस पहाड़ी राज्य के कई हिस्सों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है. देहरादून में न्यूनतम तापमान 26.8 और अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य के मुकाबले तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक है.