दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में दूसरे दिन भी डॉक्टरों की हड़ताल जारी रही. अस्पताल के तकरीबन 700 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं. पहले दिन डॉक्टरों ने हड़ताल पर जाने से पहले कहा था कि अस्पताल की इमरजेंसी सेवा चलती रहेंगी. लेकिन अस्पताल की इमरजेंसी सेवा बंद कर दी गई है. अस्पताल पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है.
अस्पताल के बाहर दिल्ली के बाहर से इलाज कराने आए मरीजों का तांता लगा हुआ है. इलाज ना मिल पाने से लोग परेशान हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री अशोक कुमार वालिया ने एलएनजेपी के रेजिंडेट डॉक्टरों से मुलाकात कर हड़ताल बंद करने की अपील की थी. लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ.
इस हड़ताल का कारण यह है कि अस्पताल की एक महिला डॉक्टर से बुधवार को एक मरीज के परिजनों ने बदसलूकी की थी, जिसके बाद से रेजिडेंट डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं.