देश में भीषण गर्मी का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है. ओडिशा का औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा बुधवार को 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान बनकर सामने आया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के 25 अन्य स्थानों पर भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार चार स्थानों पर तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ. इनमें तालचर 43.5 डिग्री, संबलपुर 43.3 डिग्री, हीराकुंड 43.2 डिग्री और अंगुल 43.1 डिग्री शामिल हैं. इसके अलावा टिटलागढ़ में 42.5 डिग्री, ढेंकानाल 42.4 डिग्री, बोलांगीर और सोनपुर में 41.9 डिग्री, सुंदरगढ़ 41.8 डिग्री और नुआपाड़ा 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर प्रदेश, 44 के पार पहुंचा पारा, स्कूलों के समय में भी बदलाव
भुवनेश्वर में इस गर्मी के मौसम में पहली बार तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य कई जिलों में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा, जिनमें चांदबली, बारिपदा, क्योंझर, फूलबनी, बौध, पारलाखेमुंडी, भद्रक, जाजपुर, खुर्दा और जगतसिंहपुर शामिल हैं.
हीटवेव को लेकर अलर्ट और स्कूलों में बदलाव
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को बोलांगीर, झारसुगुड़ा और संबलपुर जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. इसके साथ ही कई जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
हीटवेव के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. भद्रक जिले में स्कूलों की कक्षाएं सुबह 6:30 से 9 बजे तक चलाने का निर्देश दिया गया है. सोनपुर जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों की छुट्टियां 25 अप्रैल तक बढ़ा दी गई हैं.
ढेंकानाल जिला प्रशासन ने शिशु वाटिका से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है. बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में भी बढ़ी गर्मी, येलो अलर्ट जारी
इधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का असर बढ़ता दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. विभाग ने दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
पूर्वानुमान के मुताबिक दिन भर आसमान साफ रहेगा और शहर के कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. दिन के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है और शुक्रवार तक येलो अलर्ट जारी रहेगा.
सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है, लेकिन पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री अधिक है. पालम में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री, लोधी रोड में 20.6 डिग्री और आयानगर में 23.5 डिग्री दर्ज किया गया.
वायु गुणवत्ता में गिरावट
दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में पहुंच गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बुधवार सुबह 9 बजे AQI 216 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. मंगलवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 177 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में था.
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 0-50 ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने अनुमान जताया है कि बुधवार शाम तक AQI फिर से मध्यम श्रेणी में आ सकता है और अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहने की संभावना है.