scorecardresearch
 

हिंदू बनकर की दोस्ती, फिर शादी, धर्मांतरण और गैंगरेप का आरोप, मौलवी समेत छह आरोपी घिरे, दो पहले से जेल में बंद

दिल्ली के जामिया नगर में 23 साल की दलित हिंदू युवती ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवक ने हिंदू बनकर उससे दोस्ती की, शादी की और बाद में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया. पीड़िता ने गैंगरेप और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि दो आरोपी पहले से जेल में बंद हैं.

Advertisement
X
जामिया नगर में दलित युवती से गैंगरेप केस, चार आरोपी गिरफ्तार. (Photo: Representational)
जामिया नगर में दलित युवती से गैंगरेप केस, चार आरोपी गिरफ्तार. (Photo: Representational)

राजधानी दिल्ली के जामिया नगर इलाके से पहचान छुपाकर शादी करने, धर्मांतरण कराने और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक एक 23 साल की दलित हिंदू युवती की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवक ने खुद को हिंदू बताकर पहले उससे इंस्टाग्राम पर दोस्ती की, फिर शादी का झांसा दिया और बाद में धर्मांतरण कराकर कई सालों तक उसके साथ रेप और अत्याचार किए गए.

पूरा मामला जामिया नगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी फहीम की मां तस्लीम, पिता खुर्शीद, भाई जैद और मौलवी मोहम्मद खालिद शामिल हैं. सभी को जेल भेज दिया गया है. वहीं मुख्य आरोपी फहीम पहले से ही किसी अन्य मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार इस केस में कुल छह आरोपी हैं जिनमें से दो पहले से जेल में हैं.

जानकारी के मुताबिक यह मामला साल 2021 में शुरू हुआ था. पीड़िता की मुलाकात इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई जिसने अपना नाम साहिल बताया. आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू बताकर युवती से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. बाद में आरोपी ने शादी का वादा किया और युवती को मिलने के लिए जामिया नगर के बटला हाउस इलाके में बुलाया.

Advertisement

शादी और धर्मांतरण के नाम पर युवती को बंधक बनाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे पता चला कि युवक मुस्लिम है और उसका असली नाम फहीम है. शिकायत के अनुसार इसके बाद युवती को बंधक बना लिया गया और उसके साथ गैंगरेप किया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवती पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया. आरोप है कि उसे डराने के लिए जानवरों का खून दिखाया गया और उसके ऊपर मांस के टुकड़े डाले गए. पीड़िता ने आरोप लगाया कि यह सब उसे मानसिक रूप से तोड़ने और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने के मकसद से किया गया.

पीड़िता के अनुसार उसके साथ अत्याचार का सिलसिला 2022 से लगातार चलता रहा. इस दौरान उसके साथ कई बार रेप और गैंगरेप किया गया. आरोप यह भी है कि निकाह कराने में एक मौलवी ने भी आरोपियों का साथ दिया. इसी आधार पर पुलिस ने मौलवी मोहम्मद खालिद को भी आरोपी बनाया है. मामले में पीड़िता ने 13 मई को जामिया नगर थाने में शिकायत दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 14 मई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

Advertisement

पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी, आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी फहीम पहले से ही किसी दूसरे मामले में जेल में बंद है. वहीं इस केस का एक और आरोपी भी किसी अन्य मामले में जेल में है. ऐसे में अब तक कुल छह आरोपियों के नाम सामने आए हैं. फिलहाल जामिया नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस आरोपों की हर एंगल से जांच कर रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले के सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है. इस मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए होने वाली दोस्ती और फर्जी पहचान के मामलों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने पहले भी इसी तरह किसी और को निशाना बनाया था या नहीं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement