scorecardresearch
 

दिल्ली अग्निकांड: होटल मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, लुकआउट नोटिस हुआ था जारी

दिल्ली के हौज रानी स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या 21 पहुंच गई है. पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में बिना फायर एनओसी होटल संचालन, क्षमता से अधिक कमरे चलाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं. मृतकों में एक ही परिवार के 8 सदस्य भी शामिल हैं.

Advertisement
X
होटल मालिक पर लुकआउट सर्कुलर जारी. (Photo: ITG)
होटल मालिक पर लुकआउट सर्कुलर जारी. (Photo: ITG)

दिल्ली के मालवीय नगर में मौजूद हौज रानी इलाके में हुए भीषण होटल अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है. मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल भवन के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है. हादसे के बाद पुलिस ने पहले लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था ताकि वो देश छोड़कर फरार न हो सकें.

इसके बाद विशेष टीमों को उनकी तलाश में लगाया गया और आखिरकार पुलिस ने लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया. यह हादसा दक्षिण दिल्ली के हौज रानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में बुधवार सुबह हुआ था. आग ने कुछ ही देर में पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. होटल के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. दमकल और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया और दर्जनों लोगों को बाहर निकाला.

दिल्ली पुलिस के अनुसार इस अग्निकांड में कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान 21 लोगों ने दम तोड़ दिया. इनमें 9 भारतीय नागरिक और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं. वहीं 8 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज अभी भी जारी है. मृतकों में श्रुतिका बर्नवाल, तरजनी अग्रवाल, वार्या अग्रवाल उर्फ पर्ल, झवेरी अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, कमला अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल और जीविशा अग्रवाल शामिल हैं. इस हादसे में सबसे दर्दनाक कहानी गुरुग्राम के अग्रवाल परिवार की है, जिसके आठ सदस्यों की एक साथ मौत हो गई.

Advertisement

49 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, 21 ने तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम सेक्टर-46 निवासी विवेक अग्रवाल अपने परिवार के साथ दिल्ली आए थे. उनके पिता राधेश्याम अग्रवाल मालवीय नगर स्थित मैक्स अस्पताल में फेफड़ों के इलाज के लिए भर्ती थे. परिवार उनकी देखभाल के लिए अस्पताल के पास स्थित होटल में रुका हुआ था. इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया. मृतकों में विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी तरजनी अग्रवाल, बेटियां जीविशा और वार्या, मां कमला अग्रवाल तथा परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं. बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ रिश्तेदार राजस्थान से राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने आए थे, लेकिन वो भी इस आग की चपेट में आ गए. अस्पताल में भर्ती राधेश्याम अग्रवाल को संभवतः अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है कि उनका पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो चुका है.

जांच में सामने आया है कि होटल कथित रूप से बिना अनिवार्य फायर एनओसी के संचालित किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार इमारत में सिर्फ एक ही प्रवेश और निकास मार्ग था. खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर आधारित था. जांचकर्ताओं का मानना है कि इन कारणों से लोगों को समय पर बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और जनहानि बढ़ गई.

जांच एजेंसियों ने यह भी पाया है कि होटल निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक लोगों को ठहरा रहा था. दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन यहां करीब 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे. इनमें कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे. आरोप है कि समय के साथ इमारत में अतिरिक्त मंजिलों का भी निर्माण किया गया था और इसके लिए आवश्यक मंजूरियां नहीं ली गई थीं.

Advertisement

गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में दर्ज हुई FIR

पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है. लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ तेज कर दी गई है. जांच एजेंसियां अब होटल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और कथित लापरवाही के लिए आखिर कौन-कौन जिम्मेदार है. दिल्ली के हालिया इतिहास के सबसे भयावह अग्निकांडों में शामिल इस हादसे ने होटल सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement