साउथ दिल्ली के महरौली इलाके में 11 साल की नाबालिग बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध के मुख्य आरोपी का पुलिस एनकाउंटर का वीडियो सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी के पैर में गोली लगी हुई है, पुलिसकर्मी उसे उठाकर ले जा रहे हैं और अस्पताल में भर्ती कर रहे हैं. इस दौरान आरोपी जोर-जोर से चिल्ला रहा है, 'मर गया... मर गया...'.
दिल्ली पुलिस ने इस बेहद संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बच्ची को अगवा करने और उसके साथ बलात्कार करने की बात स्वीकार कर ली थी.
कब हुई थी घटना?
22 जून की सुबह लगभग 5 बजे पीड़ित परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया कि उनकी बेटी घर से लापता है. सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया.
जांच एजेंसियों ने इलाके और आस-पास के सड़कों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला. तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो क्लिप्स के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान हुई. हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता उजागर हुई, जिसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी ने क्या बयान दिया?
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने बच्ची को फुटपाथ से अगवा किया, फिर उसे गुरुग्राम ले गया और वहां बच्ची की निर्मम हत्या कर दी. पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू की गहन जांच कर रही है और मजबूत सबूत इकट्ठा करने में जुटी हुई है.
एनकाउंटर का वीडियो
मामले में गिरफ्तार आरोपी को घटनास्थल पर ले जाते समय हुई गोलीबारी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में आरोपी के पैर में गोली लगे होने और दर्द से तड़पते हुए उसे पुलिसकर्मियों द्वारा उठाकर ले जाते तथा अस्पताल पहुंचाते हुए साफ देखा जा सकता है. आरोपी लगातार चीख रहा है कि वह मर गया.