scorecardresearch
 

दिल्ली में दिनदहाड़े खूनी खेल: पार्क में छेड़खानी का विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, युवक की मौत, युवती गंभीर

भारत नगर इलाके में पार्क में बैठे युवक और युवती पर 3 से 5 बदमाशों ने हमला कर दिया. आरोप है कि पहले युवती से छेड़खानी की गई और विरोध करने पर दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया. हमले में 30 वर्षीय सुनील की मौत हो गई, जबकि 26 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Advertisement
X
पार्क में बैठे युवक और युवती पर चाकू से हमला. (Photo: Screengrab)
पार्क में बैठे युवक और युवती पर चाकू से हमला. (Photo: Screengrab)

दिल्ली के भारत नगर इलाके में दिनदहाड़े एक पार्क में बैठे युवक और युवती पर हुए चाकू से हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी. आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले युवती से छेड़खानी की. जब युवक और युवती ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया. इस हमले में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब 3 बजकर 33 मिनट पर चाकूबाजी की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां 26 वर्षीय देवकी, पत्नी पवन, निवासी जहांगीरपुरी और 30 वर्षीय सुनील, निवासी मैनपुरी, एटा, उत्तर प्रदेश, खिम्मन सिंह पार्क, अशोक विहार में मौजूद मिले.

पार्क में बैठे युवक और युवती पर चाकू से हमला

देवकी के बयान के अनुसार, पार्क में बैठे होने के दौरान 3 से 4 अज्ञात युवक उनके पास आए. इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. आरोप है कि युवकों ने पहले देवकी के साथ छेड़खानी की. जब दोनों ने विरोध किया तो एक हमलावर ने चाकू निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

हमले में सुनील को कई जगह चाकू लगे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुनील को मृत घोषित कर दिया. वहीं देवकी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं.

सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement