scorecardresearch
 

ऑड-ईवन के बाद अब दिल्ली सरकार बदल सकती है दफ्तरों की टाइमिंग

दिल्ली में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए एक तरफ जहां केजरीवाल सरकार ऑड-ईवन योजना लाने की तैयारी में है वहीं दूसरी तरफ दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में भी बदलाव किया जा सकता है.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फाइल)
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फाइल)

  • दफ्तरों का समय लचीला करने को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से चर्चा की
  • उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री को ऑफिस टाइम लचीला बनाने का सुझाव दिया था

दिल्ली में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए एक तरफ जहां केजरीवाल सरकार ऑड-ईवन योजना लाने की तैयारी में है वहीं दूसरी तरफ दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में भी बदलाव किए जा सकते हैं. दफ्तरों का समय लचीला करने को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से चर्चा की है. राजधानी की हवा सर्दियों में साफ रखने के लिए दिल्ली सरकार तमाम तैयारी कर रही है.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को 'वर्ल्ड रिसोर्सेस इंस्टीट्यूट' (डब्ल्यूआरआई) के सीईओ से मुलाकात की. अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ट्रैफिक जाम की वजह से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए हम दफ्तरों के समय को लचीला करने की योजना पर काम कर रहे हैं. ये एक ऐसा तरीका है, जिसे पूरी दुनिया में आजमाया जा चुका है.

Advertisement

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दफ्तरों में जाने और लौटने के समय में बहुत सारे लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं, इस वजह से दिल्ली के कई स्थानों पर बहुत जाम लगता है. हम ऐसे स्थानों को चिन्हित करेंगे और इन रूट्स पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए दफ्तरों के समय को लचीला करने की संभावनाएं तलाशेंगे.

ओपी अग्रवाल से की चर्चा

दफ्तरों के समय को लचीला करने की योजना पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्रांसपोर्ट और अर्बन पॉलिसी के विशेषज्ञ पूर्व आईएएस ओपी अग्रवाल से भी चर्चा की है. मुख्यमंत्री ने अग्रवाल से इस योजना को लागू करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का अनुरोध किया है.

हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल की मुलाकात हुई थी. उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री को ऑड-ईवन के अलावा राजधानी में दफ्तरों के समय को लचीला बनाने का सुझाव दिया था. ऑड-ईवन के साथ साथ सडकों पर भारी ट्रैफिक जाम में कमी लाने के लिए दफ्तरों के समय को लचीला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को वर्ल्ड रिसोर्सेस इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूआरआई) के सीईओ से भी मुलाकात की और योजना पर चर्चा की.

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहा कि सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण और पराली जलने से होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार हर संभव कदम उठा रही है. ओ.पी. अग्रवाल ट्रांसपोर्ट और अर्बन पॉलिसी मामलों के जाने-माने विशेषज्ञ हैं. आईएएस अधिकारी रह चुके अग्रवाल भारत सरकार में अर्बन ट्रांसपोर्ट डिवीजन के प्रमुख रह चुके हैं.

Advertisement

मुहिम से इंडस्ट्री एसोसिएशन को भी जोड़ने की कोशिश

दिल्ली सरकार इस मुहिम से इंडस्ट्री एसोसिएशन को भी जोड़ना चाहती है. सरकार के मुताबिक दफ्तरों में जाने और लौटने के समय में बहुत सारे लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं, इस वजह से दिल्ली के कई स्थानों पर बहुत जाम लगता है. दिल्ली में 4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच ऑड-ईवन लागू किया जाएगा. इसके अलावा 7 प्वाइंट पराली पॉल्यूशन एक्शन प्लान लागू किया जा रहा है. लोगों को मुफ्त मास्क बांटे जाएंगे.

दिल्ली में सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक ट्रैफिक कंजेशन सड़कों पर सबसे ज्यादा देखने को मिलता है. जबकि शाम में 5:00 से लेकर 7:00 बजे के बीच सड़कों पर ट्रैफिक की समस्या होती है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, स्कूलों के समय में बदलाव किए बिना सिर्फ सरकार और औद्योगिक इलाकों में दफ्तरों के समय में चर्चा के बाद बदलाव किया जा सकता है.

Advertisement
Advertisement