छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां चोरों ने सीधे कांग्रेस दफ्तर को निशाना बनाया और वहां लगे 73 नल चोरी कर ले गए. हैरानी की बात यह रही कि जाते-जाते वॉशरूम की धूल भरी फर्श पर हाथ से 'आई लव अंबिकापुर' लिख गए. अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह मामला सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में घड़ी चौक के पास बने कांग्रेस दफ्तर राजीव भवन का है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के मुताबिक, 14 और 15 मई की रात चोर छत के रास्ते दफ्तर में घुसे. यहां अलग-अलग वॉशरूम में लगे 73 नल खोलकर ले गए.
चोर सिर्फ नल चुराकर ही नहीं भागे, बल्कि उन्होंने वहां जमकर तोड़फोड़ भी मचाई. वाशरूम में लगे कई वाश बेसिन, कमोड फ्लश सिस्टम और पानी की पाइपलाइनों को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया. इसके अलावा, चोरों ने सीढ़ियों पर लगी स्टील की ग्रिल को भी उखाड़ने की पूरी कोशिश की, लेकिन शायद भारी होने की वजह से वे उसे ले जा नहीं पाए और ग्रिल को इमारत की ऊपरी मंजिल पर ही छोड़ कर फरार हो गए.
वाशरुम के फर्श पर लिखा आई लव अंबिकापुर
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब 15 मई की सुबह दफ्तर के केयरटेकर (रखवाले) ने हमेशा की तरह राजीव भवन का ताला खोला. अंदर का नजारा और वाशरुम की हालत देखकर उसके होश उड़ गए. उसने तुरंत पार्टी के बड़े नेताओं को फोन घुमाया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को लिखित शिकायत दी गई. कांग्रेस नेताओं ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वाशरुम के धूल भरे फर्श पर हाथ से साफ-साफ 'आई लव अंबिकापुर' लिखा हुआ दिखाई दे रहा है. नेताओं का कहना है कि चोरों की यह हिमाकत सीधे तौर पर पुलिस और कानून व्यवस्था को एक खुला चैलेंज है.
कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक का आरोप है कि शहर में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आतंक बहुत बढ़ गया है. इस हरकत के पीछे भी इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है. उन्होंने बताया कि इस चोरी की वजह से पार्टी को 80 हजार रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में इस कांग्रेस दफ्तर में चोरी की यह तीसरी घटना है. बार-बार हो रही चोरियों से नाराज नेताओं का कहना है कि शहर में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग सिर्फ कागजों पर चल रही है और पुलिस वाले वीआईपी ड्यूटी में ज्यादा व्यस्त रहते हैं.
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.