scorecardresearch
 

युवक पर कैंची से हमला, अंबिकापुर में हॉर्न बजाने को लेकर छिड़ा था विवाद

अंबिकापुर में बाइक के तेज हॉर्न को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि युवक ने पड़ोसी से बहस के बाद धारदार कैंची से हमला कर दिया, जिससे एक युवक घायल हो गया. पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल कैंची भी बरामद कर ली.

Advertisement
X
अंबिकापुर में युवक पर कैंची से हमला (Photo: representational image )
अंबिकापुर में युवक पर कैंची से हमला (Photo: representational image )

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बाइक के तेज हॉर्न को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि पड़ोसी युवक ने गुस्से में आकर धारदार कैंची से हमला कर दिया, जिससे एक युवक घायल हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बन गया. कोतवाली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

बार-बार एक्सीलेटर और हॉर्न

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मिशन चौक निवासी आरती रजक ने 8 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि 4 मार्च की शाम आरोपी जय रजक उनके घर के सामने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर बार-बार एक्सीलेटर और हॉर्न बजा रहा था. तेज आवाज के कारण घर में मौजूद छोटा बच्चा बार-बार जाग जा रहा था, जिससे परिवार के लोग परेशान हो गए.

रोकने गए शख्स पर कैंची से हमला

आरती के देवर ने जब आरोपी को ऐसा करने से मना किया तो वह भड़क उठा. आरोप है कि उसने गाली- गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया. इसी दौरान उसने किसी धारदार कैंची से हमला कर दिया, जिससे आरती के देवर के कान में गंभीर चोट आ गई. बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की.

Advertisement

घर में घुसकर महिला से गाली गलौज

परिवार के लोग घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गए. इसी बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर आरती के घर में घुस गया और उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहा था. वह कभी अपने घर की छत से गाली देता तो कभी उनके घर की छत पर पत्थर फेंकता था. कई बार उनके परिचितों को भी डराने-धमकाने की कोशिश की गई.

पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 331(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही.

हिरासत में लिया गया आरोपी

आखिरकार पुलिस ने आरोपी जय रजक (23 वर्ष), निवासी मिशन चौक केदारपुर, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली है. पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement