
आज तक यह माना जाता रहा है कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स यानी बेहद प्रोसेस्ड पैक्ड खाने सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं लेकिन हाल ही में एक स्टडी ने इस दावे को चुनौती दी है. स्टडी का कहना है कि हर अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड एक जैसा नहीं होता. कुछ पैकेज्ड आइटम सेहत के लिए नुकसानदेह हैं तो कुछ फूड्स को बैलेंस डाइट के साथ खाया जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि फूड की कैटेगरी से ज्यादा उसकी सामग्री, शुगर‑सोडियम और एडिटिव्स देखें. तभी किसी पैकेज्ड प्रोडक्ट को हेल्दी या अनहेल्दी माना जाना चाहिए. उदाहरण के लिए शुगरी ड्रिंक्स और प्रोसेस्ड मीट को खतरा माना जाता है लेकिन होल‑ग्रेन ब्रेड, फोर्टिफाइड सीरियल और कुछ प्लांट‑बेस्ड ऑपशंस उनकी अपेक्षा सुरक्षित माने जाते हैं.
अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड शब्द नोवा (NOVA) सिस्टम से आया है जिसमें उन चीजों को शामिल किया जाता है जिन्हें बनाने में इंडस्ट्रियल इनग्रेडिएंट्स और एडिटिव्स का इस्तेमाल होता है. परेशानी यह है कि इस एक ही कैटेगरी में सोडा, हॉट डॉग, पैक्ड कुकीज के साथ-साथ होल ग्रेन ब्रेड, ब्रेकफास्ट सीरियल और प्लांट-बेस्ड बर्गर को भी रख दिया गया है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन सभी चीजों को एक ही तराजू में तोलना गलत है, क्योंकि इनके गुण बिल्कुल अलग हैं.

हेल्दी ईटिंग रिसर्च कहती है कि हर अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड एक जैसे नहीं होते. कुछ आइटम सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं जबकि कुछ ऐसे भी हैं जो सही डाइट का हिस्सा बन सकते हैं. जब रिसर्चर्स ने इन फूड्स को अलग-अलग ग्रुप्स में बांटकर स्टडी की थी तो पता चला कि शुगरी ड्रिंक्स और प्रोसेस्ड मीट खाने से हार्ट डिजीज और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा काफी बढ़ जाता है. लेकिन दूसरी तरफ होल ग्रेन ब्रेड और कुछ सीरियल्स सेहत के जोखिम को कम करते हैं. इससे साफ है कि सिर्फ प्रोसेसिंग की वजह से कोई खाना अनहेल्दी नहीं हो जाता.
रिसर्च में यह बात भी सामने आई कि एनिमल-बेस्ड अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स के मुकाबले प्लांट-बेस्ड ऑप्शंस ज्यादा हेल्दी हैं. फिजिशियन कमेटी फॉर रिस्पॉन्सिबल मेडिसिन के रजिस्टर्ड डायटिशियन नोआ प्राम्समा का कहना है कि साइंस अब हमें ज्यादा समझदारी से फैसले लेने की सलाह दे रही है. बेकन और हॉट डॉग जैसे प्रोसेस्ड मीट से पूरी तरह बचना चाहिए लेकिन ब्रेड और सीरियल्स जैसे प्लांट-बेस्ड फूड्स आपकी सेहत के लिए अच्छे हो सकते हैं.
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने 2025 में कहा था कि कुछ अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स बैलेंस्ड डाइट में जगह बना सकते हैं. हालांकि यह भी साफ है कि हेल्दी दिखने वाले पैकेज्ड फूड्स के बीच और सबसे नुकसानदेह प्रोडक्ट्स के बीच बड़ा फर्क है. इसलिए एक्सपर्ट्स सलाह दे रहे हैं कि लोग लंबी इंग्रेडिएंट लिस्ट, ज्यादा शुगर और ज्यादा एडिटिव्स वाले फूड्स से बचें.