scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: सूर्यकुमार यादव को रोहित शर्मा के सामने भावुक होते नहीं दिखाता ये वीडियो

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने उनसे बात की और भावुक हो गए. यह दावा पूरी तरह सच नहीं है. जानें वायरल दावे की सच्चाई...

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने उनसे बात की और भावुक हो गए.
Instagram Users
सच्चाई
ये वीडियो जुलाई 2022 के एक इंस्टाग्राम लाइव का है. इस लाइव में खिलाड़ियों के बीच हंसी-मजाक हुआ था, न कि कोई भावुक हुआ था.

हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलने के बाद से रोहित शर्मा के फैंस में नाराजगी देखने को मिल रही है. सोशल मीडिया पर ये भी कहा जा रहा है कि मुंबई इंडियंस के कुछ खिलाड़ी  रोहित को हटाकर पांड्या को कप्तान बनाए जाने के फैसले से नाखुश हैं.

इसी के मद्देनजर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसके जरिए कहा जा रहा है कि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा से बात करके भावुक हो गए.

साथ ही, दावे के अनुसार, उन्होंने ये भी कहा कि मुंबई इंडियंस ने उनका दिल तोड़ दिया है और अब वो और जसप्रीत बुमराह टीम छोड़ देंगे.

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर

वायरल हो रहे वीडियो में एक तरफ रोहित शर्मा दिख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सूर्यकुमार यादव की क्लिप है. देखने में ऐसा लग रहा है कि ये दोनों के बीच हुई वीडियो कॉल का क्लिप है, जिसमें सूर्य कुमार, रोहित के सामने दुखी होकर अपने आंसू पोंछ रहे हैं.

आज तक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो अभी का नहीं बल्कि जुलाई 2022 के एक इंस्टाग्राम लाइव का है. इस लाइव में खिलाड़ियों के बीच हंसी-मजाक हुआ था, न कि कोई भावुक हुआ था.

Advertisement

कैसे पता की सच्चाई?

कुछ कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें “स्पोर्ट्स टुडे” नाम के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला. 27 जुलाई, 2022 के इस वीडियो के साथ बताया गया है कि यह भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के इंस्टाग्राम लाइव का वीडियो है. इस लाइव में उनके साथ रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, युजवेंद्र चहल और बहुत ही कम समय के लिए एमएस धोनी भी जुड़े थे.

इस इंस्टाग्राम लाइव वीडियो में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव वैसी ही टी-शर्ट पहने दिख रहे हैं जैसी उन्होंने वायरल वीडियो में पहनी है.

असली वीडियो में 12 मिनट 10 सेकेंड के बाद वायरल वीडियो वाला हिस्सा आता है जिसमें सूर्यकुमार यादव अपनी आंखें मसल रहे हैं. रोहित शर्मा वाला हिस्सा भी इसी दौरान देखा जा सकता है.

अगर पूरा वीडियो देखें तो इसमें भारतीय खिलाड़ी सिर्फ हंसी-मजाक और एक-दूसरे की खिंचाई कर रहे हैं. खुद सूर्यकुमार यादव भी दूसरे खिलाड़ियों के साथ हंस रहे हैं. वीडियो में कोई भी भावुक होता नहीं दिख रहा है. ऋषभ पंत के इंस्टाग्राम लाइव को लेकर उसे समय तमाम खबरें छपी थीं. इसकी क्लिप्स और भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने शेयर की थीं.  

इस तरह यह बात साबित हो जाती है कि सूर्यकुमार यादव के इस वीडियो को भ्रामक तरीके से पेश किया जा रहा है.

Advertisement

हालांकि, जब रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कैप्टेंसी से हटाए जाने की खबर आई थी तो सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर पर टूटे हुए दिल की एक तस्वीर शेयर की थी.

उन्होंने इस फोटो के साथ कुछ लिखा नहीं था लेकिन कई लोगों ने इसका यह मतलब निकाला कि सूर्यकुमार, मुंबई इंडियंस के फैसले से खुश नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement