गोविंदा की बेटी टीना आहूजा बॉलीवुड में अपना सिक्का जमाने की पूरी कोशिश कर चुकीं. मगर उन्हें उसमें सफलता नहीं मिल पाई. पिता की तरह, टीना स्टार तो नहीं बन पाईं. मगर अब वो जल्द अपनी मां सुनीता आहूजा के साथ एक नए कुकिंग रियलिटी टीवी शो में नजर आएंगी.
जी टीवी के नए शो मां है ना में टीना और सुनीता आहूजा नजर आने वाले हैं, जिसमें शिल्पा शेट्टी बतौर होस्ट दिखेंगी. ये एक ऐसा शो है जहां बेटे/बेटी अपनी मां की मदद से कुकिंग चैलेंज पूरा करेंगे. टीना के लिए ये पहला मौका भी है जब वो टीवी पर किसी रियलिटी शो का हिस्सा बनी हैं.
गोविंदा की बेटी को लगा था डर
हाल ही में टीना आहूजा ने जूम से बातचीत के दौरान शो में काम करने का एक्सपीरियंस साझा किया. उन्होंने बताया कि उनके लिए ये शो अपनी मां सुनीता के साथ करना आसान नहीं था. उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. टीना ने कहा- मां के साथ ये शो करना आसान नहीं था...ऐसा कुछ भी नहीं था. मुझे लगता है कि सबसे मुश्किल बात ये थी कि मुझे कुकिंग का 'c' भी नहीं पता था. और मेरे जैसी इंसान के लिए, जो कैमरे के पीछे बहुत काम करती है, कैमरे के सामने इस सब में आना भी एक बड़ा झटका था.
टीना ने आगे बताया कि उन्हें जब इस शो का ऑफर मिला, तब वो खुश से ज्यादा हैरान थीं. गोविंदा की बेटी को इसमें आगे बढ़ना मुश्किल लग रहा था. लेकिन जैसे ही शो की शुरुआत हुई, उन्हें मजा आने लगा. टीना ने कहा- मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं अपनी मां के साथ ये शो करूंगी. ये सिर्फ मेरी मां और नीति-प्रीति सिमोस की वजह से ही संभव हो पाया है कि मैंने ये शो किया है.
कौन-कौन है इस शो का हिस्सा?
बात करें मां है ना रियलिटी शो की, तो इसमें कई सारे जाने-माने सेलेब्रिटी गेस्ट अपनी मां के साथ खाना पकाते नजर आएंगे. इसमें सुनीता-टीना के अलावा तान्या मित्तल, उर्वशी ढोलकिया, मनीषा रानी, कुशाल तनवर, भाग्यश्री शर्मा नजर आएंगे. इसमें कॉमेडियन गौरव कपूर, शिल्पा के साथ होस्टिंग करते दिखेंगे और कॉमेडी का तड़का लगाएंगे. ये शो 12 जून से शुरू हो चुका है.