इंडियन आइडल सीजन 10 जीत चुके सलमान अली सिंगिंग छोड़ने का मन बना चुके हैं. ऐसा उन्होंने खुद बताया था. हालांकि वो ऐसा कबसे करेंगे, इसका कोई वक्त उन्होंने तय नहीं किया है, लेकिन वो अल्लाह की इबादत में अपना मन लगाना चाहते हैं.
एक पॉडकास्ट में बात करते हुए सलमान ने उस बात पर जोर दिया जहां कहा जाता है कि इस्लाम में गाना हराम है. वो बोले- हराम तो ऐसा है कि आजकल कुछ भी कह दिया जाता है.
इसके बाद अपने बड़े भाई का जिक्र करते हुए बताया कि मेरे बड़े भाई हज करके आए थे तो उन्होंने गाना छोड़ दिया. फिर जब पूछा गया कि आप तो नहीं छोड़ेंगे ना?
तो सलमान ने हंसते हुए कहा कि वक्त आएगा तो हम भी छोड़ देंगे. मैंने सोचा तो है कि आगे जाकर गाना छोड़ दूंगा. मैंने ये सोचा है कि जब भी मैं गाना छोड़ूंगा तो अल्लाह के रास्ते पर चलूंगा.
सलमान ने कहा कि- मैं पूरी तरह से इबादत में लग जाऊंगा और दीन के रास्ते पर चलूंगा. सिंगर उनमें से हैं जिन्होंने गरीबी से निकलकर अपनी पहचान बनाई है. नाम और शोहरत कमाया है.
हरियाणा के मेवात इलाके के एक छोटे से कस्बे में जन्मे सलमान आज एक बड़े स्टार बन चुके हैं. उनका जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था. आर्थिक तंगी के कारण वो 8वीं तक पढ़ाई कर पाए.
सलमान को गायिकी का शौक था. परिवार की मदद के लिए उन्होंने जागरण और छोटी पार्टीज में गाना शुरू किया. किस्मत उन्हें इंडियन आइडल के मंच पर ले आई. इसके बाद उनकी किस्मत पलट गई.
सलमान ने 'दबंग 3', 'सैटलाइट शंकर', 'सुई धागा' और 'सैयोनी' जैसी तमाम फिल्मों के गानों को अपनी आवाज दी. वो इवेंट में भी गाते हैं, लेकिन अब उन्होंने अपनी गायिकी को लेकर बड़ी बात कह दी है.
अब जब हिमेश रेशमिया ने इंडियन आइडल लिजेंड का अनाउंसमेंट किया है, तो माना जा रहा है कि सलमान अली फिर से मंच पर गाते दिख सकते हैं. हालांकि शो के कंटेस्टेंट कौन-कौन होंगे- नाम अनाउंस नहीं किया गया है. लेकिन ये जरूर साफ है कि वो सभी इंडियन आइडल विनर्स को आपस में लड़वाने की प्लानिंग कर चुके हैं.