टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह का न सिर्फ परिवार बल्कि वो खुद महादेव की भक्त हैं. वो शिव में इतनी गहरी आस्था रखती हैं कि कभी उनके मंदिर में दर्शन किए बिना घर में कदम नहीं रखती हैं.
ईशा ने पारस छाबड़ा से बातचीत में अपनी भक्ति और उनसे जुड़ी आस्थाओं का जिक्र किया. ईशा ने बताया कि वो भगवान में तो शुरू से मानती थीं लेकिन बचपन में कुछ इंसीडेंट्स हुए जिन्होंने उनपर गहरी छाप छोड़ी.
ईशा ने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को अक्सर कहते सुना है कि ईश्वर की बहुत कृपा है. हमारी जिंदगी में बहुत उतार-चढ़ाव आए लेकिन हमेशा भगवान का सहारा मिला.
आगे शिव जी पर आस्था कैसे गहरी हुई? इसे समझाते हुए ईशा ने एक किस्सा सुनाया और बताया कि बचपन में उनके चेहरे पर काफी ज्यादा काले-काले धब्बे थे. हाथ और पीठ पर भी काला मस्सा था. इसका उन्होंने खूब इलाज कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.
उन्होंने आयुर्वेदिक, होमियोपैथी तक तो दिखवा लिया था. कोई इसे कैंसर की जड़ कहता था तो कोई कहता था कि ये स्किन में अंदर तक समा गया है. एक्ट्रेस उस समय चौथी क्लास में थीं, वो बताती हैं कि स्कूल के बच्चे चिढ़ाते भी थे कि तुझे मच्छर ने काट लिया.
डेढ़-दो साल तक यही चलता रहा. इस दौरान ईशा का दर्द भी बढ़ गया था. वो लेट नहीं पाती थीं. फिर ईशा की मां को उनकी टीचर सहेली ने कहा कि एक बार शिवजी के मंदिर में इसे ले जाओ और पूरे हक से कहना कि 10 दिन का टाइम दे रही हूं इसे ठीक कर दो.
ईशा बोलीं- मम्मी ने कहा कि ये भी करके देख लेते हैं. तो हम भोपाल के एक शिवजी के मंदिर में गए. मैंने वहां अपने ही मासूम मन से कहा कि भगवान जी ये ठीक कर दो. 10 दिन का टाइम दे रही हूं.
ईशा ने हैरानी जताते हुए कहा कि आप यकीन नहीं करोगे, मुझसे भी कोई कहता तो शायद नहीं मानती. लेकिन 10 दिन क्या अगले ही दिन जब मैं उठी तो मेरे सारे मार्क्स अंदर चले गए थे. चेहरे-पीठ के निशान तक गायब हो गए थे.
इसी के साथ ईशा का सांप से भी सामना हो चुका है. वो बताती हैं कि एक बार मम्मी मुझे लेकर जा रही थीं तभी सांप ने उनका पैर जकड़ लिया था. मैं गिरी लेकिन एक पोटली पर, तो बच गई. वहीं एक बार मेरे ही सामने सांप आ गया था, लेकिन कुछ नहीं किया. वो अपने आप ही अपना फन मार रहा था. मेरी नानी ने बचाया.
ईशा ने कहा कि इसके बाद उनकी शिवजी पर आस्था और गहरी हो गई. वो उन्हें बहुत मानती हैं. एक्ट्रेस अपनी भक्ति पूरी निष्ठा से निभाती हैं, और बताती हैं कि जब भी भोपाल जाती हूं तो पहले मंदिर जाती हूं फिर अपने घर जाती हूं. एक मैजिक सा है, बहुत पावरफुल है, बहुत सुकून मिलता है.
(Photos: Instagram @Eishasingh)