बालिका वधु फेम टीवी एक्ट्रेस स्मिता बंसल ने शादी के 25 साल पूरे होने पर पति अंकुश मोहला के साथ एक बार फिर शादी की. गोवा में 27 अक्टूबर को कपल ने अपनी वेडिंग वॉव्स यानी शादी की कसमें दोबारा लीं. खास बात यह है कि स्मिता सालों से पति को क्रिश्चियन स्टाइल में शादी करने के लिए मना रही थीं. आखिरकार 20 साल की कोशिशों के बाद उनका यह सपना पूरा हुआ.
स्मिता का सपना था कि वह सफेद गाउन पहनकर, पिता का हाथ थामे बीच पर वेडिंग वेन्यू तक पहुंचें और सामने अंकुश उनका इंतजार कर रहे हों. वह चाहती थीं कि यह सब समुद्र किनारे सूर्यास्त के वक्त हो. एक्ट्रेस ने बताया कि वह शादी की पांचवीं सालगिरह पर ही ऐसा करना चाहती थीं, लेकिन अंकुश को मनाने में उन्हें 20 साल लग गए.
ईटाइम्स से स्मिता ने कहा- शुरुआत में हमारा शादी की कसमें दोबारा लेने का कोई प्लान नहीं था. मेरा तो बहुत सालों से बस एक सपना था कि मैं सफेद गाउन पहनकर, अपने पापा का हाथ पकड़कर वेडिंग आइल से चलूं और दूसरी तरफ अंकुश मेरा इंतजार कर रहे हों.
'मैं अपनी पांचवीं सालगिरह पर ऐसा करना चाहती थी, लेकिन अंकुश को मनाने में 20 साल लग गए. इस साल मैंने उनसे कहा कि अगर अब नहीं किया, तो फिर कभी नहीं कर पाएंगे.
एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी बेटियां स्टाशा और अनाघा अब बड़ी हो रही हैं और कुछ सालों में उनकी भी शादी हो सकती है. ऐसे में स्मिता नहीं चाहती थीं कि बेटियों की शादी और माता-पिता की दोबारा शादी एक ही समय पर हो.
स्मिता और अंकुश की पहली शादी दिसंबर 2001 में जयपुर में हुई थी. उस वक्त स्मिता शूटिंग में व्यस्त थीं और उनके माता-पिता ने शादी की सारी तैयारियां संभाली थीं. इस बार कपल ने खुद मिलकर हर चीज प्लान की.
स्मिता ने बताया कि पहली शादी के वक्त वह अंकुश से शादी करने के ख्याल में इतनी खोई हुई थीं कि बाकी किसी चीज पर ध्यान ही नहीं था. इस बार उन्होंने हल्दी, मेहंदी और फेरों जैसे पारंपरिक कार्यक्रम नहीं रखे, क्योंकि वे पहले ही कई बार ऐसे समारोहों का हिस्सा बन चुके थे.
उन्होंने कहा- मैं हमेशा से व्हाइट वेडिंग करना चाहती थी. अपने किसी शो में भी मैंने कभी सफेद ब्राइडल गाउन नहीं पहना था. हमने शुरुआत में 21 लोगों को बुलाने का सोचा था, लेकिन देखते ही देखते मेहमानों की संख्या 40 हो गई और पूरा सेलिब्रेशन डेढ़ दिन तक चला.
स्मिता के पति अंकुश पहाड़ों में शादी करना चाहते थे, जबकि स्मिता का दिल बीच वेडिंग पर अटका था. आखिरकार गोवा को चुना गया. स्मिता के मुताबिक, गोवा खूबसूरत होने के साथ-साथ मेहमानों के लिए भी सुविधाजनक था. इसके लिए मुझे उन्हें मनाना पड़ा.
शादी की कसमें दोबारा लेने के मौके पर स्मिता ने अपने 25 साल के रिश्ते के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि दोनों की पर्सनैलिटी अलग है, लेकिन यही बात उनके रिश्ते को खास बनाती है.