एक दौर था जब टीवी प्रेमियों की दुनिया दूरदर्शन तक सीमित थी. तब स्टार प्लस, कलर्स टीवी और ओटीटी जैसे प्लेटफॉर्म का नाम नामो निशान नहीं था. लोग दूरदर्शन पर आने वाले धारावाहिक देखकर खुश रहते थे.
दूरदर्शन ने इन शोज के जरिए हमें कई टैलेंटेड सितारे भी दिए. अफसोस की बात ये है कि वक्त के साथ ये मंझे हुए कलाकार भी हमें छोड़ कर जा चुके हैं.
प्रिया तेंदुलकर टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थीं. उन्होंने बेहद कम उम्र से काम करना शुरू कर दिया था. प्रिया को टेलीविजन धारावाहिक रजनी में उनकी दमदार भूमिका के लिए जाना जाता है. वो 47 साल की थीं, जब उन्होंने कैंसर से जंग लड़ते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया.
जतिन कनकिया का शो श्रीमान श्रीमती 90 के दशक के यादगार धारावाहिकों में से एक है. शो में उन्होंने केशव कुलकर्णी की भूमिका निभाई थी. कैंसर की जंग लड़ते हुए वो 1999 में 46 की उम्र में दुनिया छोड़ कर चले गए.
मोहन गोखले ने भारत एक खोज, शक्तिमान और स्पर्श जैसे सीरियल्स में काम करके अपनी पहचान बनाई थी. उन्होंने मूवीज में काम किया था. कम लोग जानते हैं कि नाना पाटेकर के पहले थिएटर शो मोहन गोखले ने ही डायरेक्ट किया था. बतौर एक्टर उन्होंने अच्छी लाइफ जी, लेकिन जिंदगी के अंतिम दिन कष्टकारी रहे. हे राम की शूटिंग के दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठा और उनकी मौत हो गई.
अरविंद त्रिवेदी को हमेशा रमानंद सागर की रामायण में रावण की भूमिका के लिए जाना जाता रहेगा. उन्होंने छोटे पर्दे पर रावण की भूमिका निभाकर उसे जीवंत कर दिया था. 2021 में हार्ट अटैक आने की वजह से 82 की उम्र में उनका निधन हो गया था.
जसपाल भट्टी को भला कौन भूल सकता है. वो एक बेहतरीन हास्य अभिनेता थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व से लोगों को हंसकर जीना सीखाया. उनका सीरियल फ्लॉप शो काफी मशहूर था. 25 अक्टूबर 2012 में एक कार दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी.