मशहूर गायक तलत अजीज ने अपने गायन से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है और अब उनके इस संगीतमय सफर ने चार दशक पूरे कर लिए हैं. मंगलवार को मुंबई के द रॉयल ओपेरा हाउस में उन्होंने इसका जश्न मनाया. इस विशेष समारोह में उनके परिवार के सदस्य, प्रशंसक, शुभचिंतक, संजय खान, जरीन खान, उस्ताद राशिद खान, मधु चोपड़ा, प्रेम किशन, आभा सिंह, शेखर और मनीष गोस्वामी जैसे उनके दोस्त मौजूद रहे. अपनी मखमली आवाज से उन्होंने इन सभी के सामने अपनी प्रस्तुति दी.
उस्ताद राशिद खान ने तलत अजीज के साथ मिलकर एक जुगलबंदी की जिसने इस शाम को और भी खूबसूरत बना दिया. समारोह में अजीज ने कहा, 'यह 40 सालों का शानदार सफर रहा है. मैं इसके लिए सबसे पहले ईश्वर और इस पूरे सफर में मेरे साथ रहने वाली मेरी पत्नी बीना का शुक्रिया अदा करता हूं और निश्चित तौर पर दुनिया भर में मौजूद मेरे प्रशंसकों और शुभचिंतकों को भी मैं धन्यवाद देता हूं.'
View this post on Instagram
हैदराबाद से ताल्लुक रखने वाले अजीज ने किराना घराना के उस्ताद समद खान और उस्ताद फैयाज अहमद से संगीत की तालीम ली. तलत अजीज का पहला एल्बम साल 1980 में मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह के मार्गदर्शन में जारी हुआ था. उनके मशहूर गीतों में 'उमराव जान', 'बाजार' और 'डैडी' सहित कई फिल्मों के गीत शामिल हैं.