एक फिल्म किस तरह जिंदगी बदल सकती है, इसका सबसे बढ़िया उदाहरण हैं रिंकू राजगुरु. रिंकू जिन्हें उनके छोटे से गांव के बाहर कोई नहीं जानता था, आज उन्हें देखते ही लोगों की भीड़ जुट जाती है. प्रोड्यूसर्स उन्हें मुंहमांगी कीमत पर अपनी फिल्मों में लेने के लिए तैयार बैठे हैं. दरअसल, यह सब कुछ उस मराठी फिल्म की वजह से हुआ था, जो बेहद मामूली बजट में बनी थी. इस फिल्म ने रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई की. ये युवा लड़के-लड़कियों की प्रेम कहानी थी, इसे देश भर में खूब पसंद किया गया. फिल्म फेयर अवॉर्ड्स (मराठी) की वजह से एक बार फिर सैराट की चर्चा हो रही है. सैराट को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला. रिंकू को बेस्ट एक्टर (फीमेल) का अवॉर्ड मिला.
आम से खास तक रिंकू का ये सफर महाराष्ट्र के सोलापुर डिस्ट्रिक्ट के अकलुज गांव से साल 2014 में शुरू हुआ था.
उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 14 साल की थी. उनके गांव के लोग और
पड़ोसी तक उन्हें ठीक से नहीं पहचानते थे.
उसी दौरान फिल्म निर्देशक नागराज किसी काम के सिलसिले में अकलुज गांव गए थे. रिंकू को नागराज के आने
की जानकारी हुई और वह अपने दोस्तों के साथ उन्हें देखने पहुंची. वहां
नागराज की नजर रिंकू पर पड़ी और उन्होंने रिंकू का ऑडिशन लिया. फिर
कुछ दिन बाद उन्हें फोन आया कि वह फिल्म के लिए चुनी गई हैं.
उस दिन के बाद रिंकू की जिंदगी पूरी तरह बदल गई. वह फिल्म की तैयारी में लग गईं. इसमें उन्होंने 'आर्ची' का किरदार निभाया था. उन्होंने अपने किरदार में ढलने के लिए खूब मेहनत की. इसका पता तब चला जब साल 2016 में फिल्म रिलीज हुई और रातोंरात रिंकू स्टार बन गईं. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर काफी सफलता मिली थी. इस फिल्म के बाद, तो जैसे उनके घर के बाहर प्रोड्यूसर्स की लाइन लगने लगी.
करोड़ों कमाने वाली सैराट
की सफलता के बाद ऐसी खबरें भी आई थीं कि उन्हें और को-स्टार आकाश को 4
करोड़ रुपये का बोनस दिया गया था. हालांकि बाद में रिंकू ने इन खबरों का
खंडन किया था. उनका कहना था कि उन्हें सिर्फ वही राशि दी गई, जो फीस के तौर पर पहले से तय किया गया था.
सैराट के बाद रिंकू अपनी दसवीं क्लास की
पढ़ाई में व्यस्त हो गई थीं. अब वह कमबैक के लिए तैयार हैं. जल्द ही वह मराठी फिल्म निर्देशक मकरंद माने की अगली
फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी. हालांकि इससे पहले वह सैराट के कन्नड़ रीमेक में भी नजर आने वाली हैं.
आमिर खान, सुभाष घई, रितेश देशमुख, आयुष्मान
खुराना समेत कई बड़े एक्टर्स 'सैराट' फिल्म के साथ-साथ इसमें रिंकू की
एक्टिंग की भी तारीफ कर चुके हैं. फिल्म के लिए उन्हें 63वें नेशनल अवॉर्ड
से भी नवाजा जा चुका है.
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में भी सैराट को बेस्ट फीचर फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्टर फीमेल जैसे कई अवॉर्ड मिले.