मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी, जो अपनी पारिवारिक व्लॉग्स के जरिए करोड़ों दिलों पर राज करते हैं, इन दिनों एक अनचाहे विवाद में घिर गए हैं. हाल ही में सौरव ने अपना एक डेली व्लॉग शेयर किया था, लेकिन देखते ही देखते उसकी एक छोटी सी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस वीडियो को आधार बनाकर लोग सौरव की पत्नी अवंतिका भट्ट पर ही सवाल उठाने लगे हैं और इंटरनेट पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अवंतिका, सौरव को 'चीट' कर रही हैं?
दरअसल यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब इंस्टाग्राम और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर व्लॉग का एक हिस्सा वायरल हो गया. इस क्लिप में नेटिजन्स ने गौर किया कि अवंतिका के फोन में 4 आर्काइव्ड (Archived) चैट्स नजर आ रही थीं. जैसे ही सौरव उनके करीब आए, अवंतिका ने तुरंत फोन को दूसरी तरफ कर लिया या छिपाने की कोशिश की. बस इसी छोटी सी हरकत को पकड़कर सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया और लोग कहने लगे कि अवंतिका अपने पति से कुछ छिपा रही हैं.
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स पर इस घटना को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. जहां एक तरफ लोग अवंतिका को शक की निगाह से देख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सौरव के फैंस का एक बड़ा तबका उनके बचाव में उतर आया है. कई यूजर्स का मानना है कि इंटरनेट की दुनिया बहुत जल्दी किसी के भी पर्सनल लाइफ पर फैसला सुना देती है. एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह देखकर वाकई दुख होता है कि लोग कितनी आसानी से किसी के भी चरित्र पर उंगली उठा देते हैं.
बेवजह बदनाम करने की कोशिश?
इस विवाद पर अपनी राय रखते हुए कई लोगों ने तर्क दिया है कि किसी भी महिला को इतनी छोटी बात के लिए दोषी ठहराना गलत है. फैंस का कहना है कि अवंतिका किसी से भी बात कर सकती हैं और फोन में आर्काइव्ड चैट्स होने का मतलब 'धोखा देना' बिल्कुल नहीं होता. एक यूजर ने तो यहां तक कहा कि अगर वास्तव में कुछ गलत होता, तो सौरव इस क्लिप को एडिट कर देते या फिर अवंतिका को अपने अगले व्लॉग्स में शामिल ही नहीं करते. महज चंद सेकंड की क्लिप के आधार पर किसी को बदनाम करना गलत है. वैसे इस शक को डालकर सौरव जोशी वैसे ही व्यूज बटोर रहे हैं, जैसे उन्होंने अपनी पूरी शादी पर मिले थे. व्यूज के नाम पर यूट्यूब पर क्या क्या देखने को मिल रहा है. ये कोई छिपा नहीं. करोड़ों की कमाई करने का शॉर्टकट तरीका कई लोग अपना चुके हैं.
शादी की शुरुआत और विवाद का साया
आपको बता दें कि सौरव जोशी और अवंतिका भट्ट ने नवंबर 2025 में अपनी शादी की आधिकारिक घोषणा की थी. उन्होंने इसे पूरी तरह से एक अरेंज्ड मैरिज बताया था. शादी के बाद से ही अवंतिका सौरव के व्लॉग्स का हिस्सा बनी हुई हैं और दर्शकों ने उन्हें खूब प्यार भी दिया है.
अब देखना यह है कि सौरव इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हैं या इसे महज एक अफवाह मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. फिलहाल, उनके फैंस यही कह रहे हैं कि दोनों की खुशहाल शादीशुदा जिंदगी को किसी की नजर न लगे.