दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्मी आयोजनों में से एक 'कान्स फिल्म फेस्टिवल' का 79वां संस्करण इस साल बेहद खास होने वाला है. फ्रेंच रिवेरा की वादियों में सजने वाले इस मेले में इस बार भारतीय सिनेमा का डंका सिर्फ बॉलीवुड के भरोसे नहीं, बल्कि पंजाबी, मराठी, गुजराती और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के सितारों की बदौलत भी बजेगा.
12 मई से 23 मई 2026 तक चलने वाले इस उत्सव में भारतीय कलाकार अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस बार भारत की भागीदारी किसी एक भाषा तक सीमित न रहकर विविधता के साथ वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है.
कान्स 2026 का शेड्यूल
79वां कान्स फिल्म फेस्टिवल Palais des Festivals et des Congrès में आयोजित किया जा रहा है. इस भव्य समारोह की शुरुआत मशहूर फ्रांसीसी फिल्म डायरेक्टर पियरे सल्वाडोोरी की फिल्म 'The Electric Kiss' के साथ होगी. इस साल जूरी की कमान दक्षिण कोरिया के दिग्गज फिल्ममेकर पार्क चान-वुक के हाथों में है, जबकि उद्घाटन और समापन समारोह की मेजबानी फ्रांसीसी एक्ट्रेस आई हैदरा करेंगी. भारतीय दर्शकों के लिए यह उत्साह 12 मई की रात से शुरू हो जाएगा, जब ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही दुनिया भर के सितारों का जमावड़ा लगना शुरू होगा.
रेड कार्पेट पर सजेंगी बॉलीवुड की हसीनाएं
भारतीय हस्तियों की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर अपनी खूबसूरती का जादू बिखेरेंगी. ऐश्वर्या पिछले 24 सालों से इस फेस्टिवल का हिस्सा रही हैं और वह कान्स में भारत का सबसे पहचाना हुआ चेहरा हैं. उनके साथ आलिया भट्ट लगातार दूसरे साल रेड कार्पेट पर अपना जलवा दिखाएंगी. अदिति राव हैदरी भी इस साल लॉरियल पेरिस के दल के साथ शामिल होंगी. इनके अलावा जैकलीन फर्नांडिस, तारा सुतारिया, मौनी रॉय और पूजा बत्रा जैसे नाम भी रेड कार्पेट की शोभा बढ़ाएंगे. मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी इस साल फेस्टिवल में मौजूद रहेंगे.
हाल ही में मेट गाला में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद करण जौहर एक बार फिर कान्स के गलियारों में नजर आएंगे. वहीं, 'लगान' जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर इफ्फी (IFFI) के निदेशक के तौर पर भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. इसके अलावा कई अन्य फिल्मी हस्तियां भी अपनी फिल्म के प्रमोशन, नेटवर्किंग और अलग-अलग ब्रांड्स के साथ गठबंधन के चलते इस साल कान्स 2026 में शिरकत करने जा रही हैं.
क्षेत्रीय सिनेमा की ऐतिहासिक मौजूदगी
इस बार कान्स में सबसे सुखद बदलाव यह है कि क्षेत्रीय सिनेमा को बड़ी जगह मिली है. पंजाबी सुपरस्टार एमी विर्क अपनी सह-कलाकार रूपी गिल के साथ फिल्म 'चढ़दीकला' का प्रतिनिधित्व करेंगे. वहीं, मराठी सिनेमा के दिग्गज एक्टर अशोक सराफ और निवेदिता सराफ, प्राजक्ता माली और प्रोड्यूसर केदार जोशी के साथ पारंपरिक मराठी वेशभूषा में नजर आएंगे. गुजराती सिनेमा से मानसी पारेख और पार्थिव गोहिल अपनी चमक बिखेरेंगे, तो मलयालम फिल्ममेकर चिदंबरम अपने प्रोजेक्ट 'बालन: द बॉय' के साथ कान्स मार्केट में दस्तक देंगे.
कान्स मार्केट में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग
सिर्फ रेड कार्पेट ही नहीं, बल्कि बिजनेस के लिहाज से भी भारत इस बार मजबूत है. एक्टर और प्रोड्यूसर अंशुमन झा ने कान्स मार्केट में अपनी कई फिल्मों के लिए स्क्रीनिंग तय कर ली है. इनमें मलयालम फिल्म 'बालन: द बॉय', हिंदी और कन्नड़ में बनी 'सितंबर 21' और एक बेहद खास डॉक्यूमेंट्री 'स्पिरिट ऑफ द वाइल्डफ्लावर' शामिल हैं. यह दिखाता है कि भारतीय कहानियां अब वैश्विक दर्शकों और बाजार तक पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
कब और कहां देखें कान्स?
'कान्स फिल्म फेस्टिवल' कल यानी 12 मई से शुरू होगा जो 23 मई तक चलेगा. भारत के समयानुसार इसकी ओपनिंग सेरेमनी 12 मई की शाम से देर रात के बीच शुरू होगी. इस फेस्टिवल को कान्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम और वेबसाइट पर रेड कार्पेट और उद्घाटन/समापन समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं.