पंजाब की कटरीना कैफ शहनाज गिल का नया इंटरनेशनल गाना ‘Bezaf’ आ रहा है. गाने में उनके साथ एक बेहद ही अलग पर्सनैलिटी नजर आएगी. इसका टीजर सामने आया तो लोगों के कान खड़े हो गए. क्योंकि गाने में एक्ट्रेस मोरक्को के पॉप सुपरस्टार साद लमजार्रेड (Saad Lamjarred) के साथ रोमांटिक होती दिख रही हैं.
साद लमजार्रेड एक फेमस सिंगर हैं, लेकिन गाने और स्टारडम से हटकर उनके विवाद भी काफी चर्चा में रहे हैं. साद मोरक्को के सबसे बड़े पॉप सिंगर्स में गिने जाते हैं. उनका गाना LM3ALLEM अरब म्यूजिक इंडस्ट्री में इतिहास रच चुका है. यूट्यूब पर 1 बिलियन से ज्यादा व्यूज के साथ ये सबसे ज्यादा देखे जाने वाले अरबी गानों में शामिल है.
उनकी पहचान एक ऐसे आर्टिस्ट की है, जो पारंपरिक अरबी म्यूजिक को मॉडर्न बीट्स के साथ मिलाकर पेश करता है. ‘Ghazali’ और ‘Enty’ जैसे गाने भी मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका (MENA) में काफी फेमस हैं. उनकी फैन फॉलोइंग इतनी मजबूत है कि विवादों के बावजूद उनकी पॉपुलैरिटी पर ज्यादा असर नहीं पड़ा.
लेकिन साद के नाम पर दर्ज केसेज भी उतने ही पॉपुलर हैं. वो कई कानूनी पचड़ों में फंस चुके हैं. 2016 में पेरिस के एक होटल में एक फ्रेंच महिला ने साद पर रेप का आरोप लगाया. इसके बाद फरवरी 2023 में पेरिस कोर्ट ने उन्हें 6 साल की सजा सुनाई. साद ने तुरंत हायर कोर्ट में अपील दायर की.
सिंगर पर लगा ये इकलौता मामला नहीं है. एक और महिला ने 2018 में साद पर रेप का आरोप लगाया था. ये मामला भी फ्रांस में दर्ज हुआ, हालांकि इसी साल दिसंबर में इस केस पर सुनवाई होना बाकी है.
वहीं इससे पहले 2010 में साद पर न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन की एक महिला के साथ मारपीट और बलात्कार का आरोप लगाया गया था. जमानत मिलने के बाद सिंगर अमेरिका से भाग गए. रिपोर्ट्स हैं कि अगर वो वापस लौटते तो गिरफ्तार किए जाने का खतरा था.
साद पर लगे सभी आरोप फिलहाल कोर्ट में हैं. 2023 की सजा के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी, इसलिए वो जेल जाने से भी बचे हुए हैं. हालांकि सिंगर फ्रांस में कानूनी देखरेख में रह रहे हैं. साद का पूरा मामला अब #MeToo, सेलिब्रिटी पावर और कानून के बीच बहस का बड़ा उदाहरण बन चुका है.
मोरक्कन सिंगर साद की पर्सनल लाइफ भी काफी चर्चा में रही है. उन्होंने साल 2022 में अपनी गर्लफ्रेंड Ghaita El Allaki से शादी की. घीता मोरक्को की ही बिजनेसवुमन हैं.
दोनों की शादी बेहद प्राइवेट लेकिन चर्चित रही, विवादों के दौरान भी घीता ने साद का खुलकर साथ दिया. हालांकि कहा जाता है कि ये उनकी दूसरी शादी है. साद की पहले भी एक शादी होकर तलाक हो चुका है.