इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का मौजूदा सीजन रोमांच के चरम पर है, लेकिन इस बार मैदान पर जिस एक नाम ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह हैं युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी. अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वैभव रातों-रात हीरो बन चुके हैं. वहीं इसी बीच इंटरनेट पर एक वीडियो सामने आया है जिसने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
दरअसल वैभव की बल्लेबाजी के दीवाने हो चुके एक क्रेजी भोजपुरी फैन ने उनके सम्मान में पूरी 'वैभव सूर्यवंशी चालीसा' ही रच डाली है, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर जंगल में आग की तरह वायरल हो रहा है.
बना दी वैभव चालीसा
आमतौर पर क्रिकेटर्स के लिए फैंस को नारे लगाते या पोस्ट शेयर करते देखा जाता है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के इस जबरा फैन ने क्रिएटिविटी की सारी हदें पार कर दी हैं. अब तक लोगों ने भगवान हनुमान या कृष्ण की चालीसा सुनी होगी, लेकिन इस बार वैभव के खेल से गदगद होकर उनके नाम की चालीसा तैयार की गई है. करीब 2 मिनट 15 सेकंड का यह वीडियो इतना मजेदार और बांधकर रखने वाला है कि हर कोई इसे प्ले कर रहा है.
चालीसा में बयां की पूरी कहानी
वैभव की तारीफ में गाई गई यह अनोखी चालीसा सुनने में बेहद दिलचस्प लगती है. इसके बोल कुछ इस तरह से शुरू होते हैं- 'वैभव सूर्यवंशी की गाथा, उनकी कहानी ध्यान से सुनो, उनका कनेक्शन क्रिकेट से जुड़ा है. उनका घर समस्तीपुर जिले में है, वे ताजपुर गांव में रहते हैं. उनमें बचपन से ही टैलेंट भरा है, और उन्हें क्रिकेट खेलने का बहुत शौक है.' कुल मिलाकर, इस चालीसा के जरिए वैभव के बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर आईपीएल के बड़े मंच तक पहुंचने के अब तक के सफर को बड़े ही मजेदार तरीके से पिरोया है.
सोशल मीडिया पर आए कमेंट्स
ट्विटर (अब एक्स) पर इस वीडियो को @theprayagtiwari नाम के हैंडल से शेयर किया गया है, जिसके बाद ये वायरल हुआ. हजारों व्यूज बटोर चुके इस वीडियो पर क्रिकेट फैंस जमकर अपना रिएक्शन दे रहे हैं, प्रतिक्रिया दे रहे हैं. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने गर्व से लिखा, 'बिहारी सबसे अच्छे होते हैं.'