बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने आज से 34 साल पहले हिंदी सिनेमा में अपना पहला कदम रखा था. 25 जून, साल 1992 को फिल्म दीवाना से उन्होंने फिल्मों में एक्टिंग की शुरुआत की. इतने सालों में शाहरुख ने कई बड़ी हिट-सुपरहिट-ब्लॉकबस्टर फिल्में दे डाली हैं, जिसके दम पर वो आज इंडस्ट्री के 'किंग' बन चुके हैं. उनके फैंस आज इस खास दिन को धूमधाम से सेलिब्रेट करने वाले हैं.
शाहरुख का जलवा
बॉलीवुड में इतने सालों से काम कर रहे शाहरुख इन दिनों अपनी नई फिल्म 'किंग' को लेकर सुर्खियों में हैं. इसकी शूटिंग अब खत्म होने की कगार पर पहुंच चुकी है. इस बीच एक्टर को मुंबई में स्पॉट किया गया. 24 जून की शाम, जब शाहरुख इंडस्ट्री में अपने 34 साल पूरे करने वाले थे, वो एक जश्न में शामिल हुए जहां उन्होंने अपनी प्रेजेंस से लोगों को इंप्रेस किया.
इवेंट की कई वीडियोज सोशल मीडिया पर मौजूद है, जिसमें हम शाहरुख को अपने सुपरहिट गानों पर नाचते देख सकते हैं. सुपरस्टार ने अपनी फिल्म बादशाह के टाइटल ट्रैक 'बादशाह ओह बादशाह' पर एंट्री मारी. फिर उन्होंने अपने कई हिट गाने- 'चांद तारे तोड़ लाऊं' और 'ओम शांति ओम' पर डांस किया.
इस इवेंट में शाहरुख को कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और राजीव ठाकुर के साथ देखा गया. सुपरस्टार ने दोनों के साथ बैकस्टेज फोटो क्लिक कराए. इवेंट में शाहरुख खान का लुक भी बेहद स्टाइलिश दिखा. फैंस उनके वीडियो देखकर काफी खुश हुए, वो कह रहे हैं कि इंडस्ट्री में इतने सालों तक छाने के बाद भी उनका चार्म जरा भी फीका नहीं पड़ा है.
शाहरुख की फिल्म 'किंग'
शाहरुख खान की नई फिल्म किंग इसी साल 24 दिसंबर को रिलीज होनी है. इस फिल्म का इंतजार काफी समय से किया जा रहा है. डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद इसे सुपरस्टार का कभी ना देखा गया अंदाज बता रहे हैं, जिसे देखने के लिए फैंस की बेसब्री देखी जा रही है. इसमें कई सारे बॉलीवुड सेलेब्स जैसे अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, सुहाना खान, अभय वर्मा, राघव जुयाल, जयदीप अहलावत, सौरभ शुक्ला, अरशद वारसी शामिल हैं.