
रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी मां सुमन के एक लीक हुए ऑडियो मैसेज की वजह से सुर्खियों में है. जिसका कनेक्शन उनकी पहली शादी से है. इस ऑडियो ने पर्दे के पीछे हुई घटनाओं को लेकर हर तरफ चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि सुमन ने इसमें कन्नड़ भाषा में काफी भावुक होकर बात की है. अब इन सब के बीच एक्ट्रेस ने इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.
एक्ट्रेस ने बकायदा इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. जिसमें उन्होंने लिखा, 'उस बातचीत के एक छोटे से हिस्से को जान-बूझकर संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है.' उन्होंने आगे बताया कि यह ऑडियो बिना किसी की सहमति के सार्वजनिक कर दिया गया था और अब वह इसे हटाने की गुजारिश कर रही हैं.
रश्मिका मंदाना ने दी सफाई
आठ साल पहले दिए गए अपनी मां के एक इंटरव्यू का ऑडियो लीक होने के बाद जब विवाद खड़ा हो गया और नेटिजन्स की तरफ से मिले-जुले रिएक्शन आने लगे. अब रश्मिका मंदाना ने आगे आकर इस विवाद को खत्म करने की पहल की.अपनी हालिया X पोस्ट में एक्ट्रेस ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इस ऑडियो को तुरंत हटाने की अपील की है. उन्होंने अब स्पष्ट करते हुए कहा है, 'एक पुरानी पर्सनल बातचीत, जो लगभग आठ साल पहले की मानी जा रही है, उसे शायद संबंधित लोगों की जानकारी या सहमति के बिना ही रिकॉर्ड करके फैला दिया गया है.'
'उस बातचीत के एक छोटे से हिस्से को अब जान-बूझकर संदर्भ से हटाकर बड़े पैमाने पर फैलाया जा रहा है, ताकि एक और असहज विवाद खड़ा किया जा सके—और यह सब मेरी निजी जिंदगी में हाल ही में हुई घटनाओं के साथ रणनीतिक रूप से मेल खाता है. लोग कितनी हद तक गिर सकते हैं? ऐसा करके, उन्होंने मेरे परिवार के साथ-साथ उन लोगों को भी इस असहज स्थिति में घसीट लिया है जिनके साथ मेरे सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, और जिनका इस मामले से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है.'
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'यह प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन है और भ्रामक तथा मानहानिकारक सामग्री का प्रसार है. जहां हम लाइफ में आगे बढ़ रहे हैं, तरक्की कर रहे हैं, सार्थक काम कर रहे हैं और सकारात्मकता फैला रहे हैं, वहीं यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग किसी दूसरे व्यक्ति की गरिमा और शांति की कीमत पर नफरत और विवाद पैदा करना जारी रखे हुए हैं. आठ सालों तक जब तक ये हमले सिर्फ मुझ तक सीमित थे, मैंने चुप्पी साधे रखी. आज जब दूसरे लोग भी इसमें घसीटे जा रहे हैं, तो मैं अब और चुप नहीं रह सकती. मैंने अब एक सीमा तय करने का फैसला किया है.'
मंदाना ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, 'इस बयान के समय से आपके पास ऐसा करने के लिए 24 घंटे हैं. ऐसा न करने पर, कल से उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी - जिसमें लागू कानून के अनुसार, मानहानिकारक या निजता का उल्लंघन करने वाली सामग्री को लगातार फैलाने में शामिल व्यक्तियों, इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म या मीडिया संगठनों को कानूनी नोटिस जारी करना शामिल है. यह कदम हल्के में नहीं उठाया गया है, लेकिन यह जरूरी हो गया है.

'उन्होंने अपनी पोस्ट को अपनी मातृभाषा 'कोडावा तक' में एक छोटे से संदेश के साथ खत्म किया, जिसमें उन्होंने सभी को दिल से शुभकामनाएं दीं. इस पोस्ट में उनकी हैदराबाद रिसेप्शन वाली ड्रेस की एक फोटो भी थी, जिस पर कोडावा संस्कृति का एक खास कढ़ाई वाला निशान (symbol) बना था.
रश्मिका मंदाना का वर्क फ्रंट
रश्मिका अपने पति विजय देवरकोंडा के साथ 'रणबाली' में नजर आने वाली हैं. यह फिल्म 19वीं सदी के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित एक जबरदस्त कहानी का वादा करती है, जिसमें विजय एक निडर स्वतंत्रता सेनानी और रश्मिका 'जयम्मा' की भूमिका में हैं. इस फिल्म को एक पैन-इंडियन प्रोजेक्ट के तौर पर प्रमोट किया जा रहा है और यह कई भाषाओं - तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी- में 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.