
नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन ने आत्महत्या कर ली थी. शनिवार को ये मामला सामने आया था, जिससे देशभर में हड़कंप मच गया. इतनी ऊंचाई से उनका गिरकर सुसाइड करना सभी को परेशान कर गया. इस घटना पर बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू ने भी कुछ लिखा. उन्होंने संभव की मौत पर शोक जताते हुए शादी पर कमेंट किया.
कुमार सानू ने किया कमेंट
कुमार सानू ने संभव जैन के सुसाइड केस पर लिखा- शादी अब एक क्रूर और पैसे ऐंठने का धंधा बन गई है, और ये सालों से चला आ रहा है. भगवान संभव के पिता को ये दुख सहने की ताकत दें, क्योंकि ये उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं होगा. जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए.
संभव जैन के सुसाइड के पीछे का कारण कथित तौर पर डिप्रेशन बताया जा रहा है. उनका वैवाहिक जीवन एक बुरे दौर से गुजर रहा था, उनपर कर्ज बढ़ रहा था, और बच्चे के इलाज का खर्च भी उनपर बढ़ा. इस कारण से उन्होंने सुपरनोवा बिल्डिंग से छलांग मारकर आत्महत्या कर ली. हालांकि उन्हें बचाने की काफी कोशिश की गई, मगर वो बच नहीं सके. संभव जैन के साथ हुई घटना को देखकर इसलिए कुमार सानू ने शादी जैसे बंधन पर ऐसी बात लिखी.

कुमार सानू की पर्सनल लाइफ
कुमार सानू की शादी भी काफी सुर्खियों में रही है. उन्होंने अपने जीवन में दो शादियां कीं, जिसमें से उनकी पहली शादी रीता भट्टाचार्य से हुई थी. ये शादी ज्यादा समय तक नहीं चली. रीता से कुमार सानू को तीन बच्चे हुए, जिसमें से एक जानकुमार सानू हैं. पहली शादी टूट जाने के बाद, सिंगर ने अपनी एक्स-वाइफ को एलिमनी भी दी थी.
कुछ समय पहले कुमार सानू और उनकी एक्स-वाइफ रीता सुर्खियों में भी आए थे. सिंगर ने उनपर 50 करोड़ रुपये का मानहानि का केस किया था, क्योंकि उनका दावा था कि रीता ने उनके खिलाफ कई बातें मीडिया में कही. उनकी बातों का उनपर काफी असर हुआ था. हालांकि फिर ये विवाद सुलझ गया था.