दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. 24 नवंबर को उनका निधन हो गया था. धर्मेंद्र इस दुनिया से भले ही रुखसत हो गए हैं. मगर अपनी फिल्मों के जरिए वो आज भी जिंदा हैं. धर्मेंद्र को अब बाफ्टा अवॉर्ड सेरेमनी में श्रद्धांजलि दी गई. इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर धर्मेंद्र को मिले सम्मान से हेमा मालिनी काफी खुश हैं. उन्होंने अब इसपर रिएक्ट किया है.
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को किया याद
हेमा मालिनी ने Variety India संग बातचीत में धर्मेंद्र को दी गई श्रद्धांजलि को दिल को छूने वाली बताया. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र एक ऐसे इंसान थे, जिन्हें दुनियाभर के लोग प्यार करते थे. दुनिया के हर कोने में उनके चाहनेवाले थे.
हेमा मालिनी ने ये भी बताया कि अपने करियर के पीक पर वो और धर्मेंद्र काफी बिजी एक्टर्स थे, इसलिए वो एक दूसरे के साथ टाइम स्पेंड करने के लिए अक्सर एक साथ फिल्में साइन करते थे. इस बारे में बात करते हुए हेमा मालिनी बोलीं- हम साथ में ज्यादा ट्रैवल नहीं करते थे. हमें शूटिंग पर ही समय बिताने का मौका मिलता था. हम साथ में कई फिल्में साइन करते थे, ताकि हम एक दूसरे के साथ समय बिता सकें.
हेमा को खलती है धर्मेंद्र की कमी
हेमा मालिनी ने बताया कि वो धर्मेंद्र को काफी ज्यादा याद करती हैं. उन्हें धर्मेंद्र की कमी खलती है. धर्मेंद्र को याद करते हुए एक्ट्रेस बोलीं- मुझे हर पल उनकी याद आती है. मैं खुद से यही सवाल पूछती रहती हूं, क्या वो सच में चले गए? मैं उनसे दोबारा कब मिलूंगी?
जब हेमा से उनकी पसंदीदा धर्मेंद्र की फिल्म के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने चुपके चुपके का नाम लिया. उन्होंने आगे बताया कि उन्हें अपनी और दिवंगत एक्टर की फिल्म शोले बहुत पसंद है. उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके दिल के काफी करीब है, क्योंकि यह उन्हें शूटिंग के दौरान बिताए सभी अच्छे पलों की याद दिलाती है. हेमा ने आगे कहा- मैंने उनकी सभी फिल्में नहीं देखी हैं. मैं समय मिलते ही एक-एक करके सारी फिल्में देखूंगी.
बता दें कि हेमा और धर्मेंद्र की शादी साल 1980 में हुई थी. उनकी दो बेटियां हैं, ईशा और अहाना. जब धर्मेंद्र ने हेमा से शादी की, तब वो पहले से ही शादीशुदा थे. उनकी पहली पत्नी का नाम प्रकाश कौर है. पहली शादी से धर्मेंद्र के चार बच्चे हैं.
धर्मेंद्र की बात करें तो उम्र संबंधी बीमारियों के बाद उनका 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में निधन हो गया था. निधन से पहले वो कई दिनों तक हॉस्पिटल में रहे थे. मगर फिर उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. धर्मेंद्र को अभी भी उनके सभी चाहने वाले याद करते हैं.