scorecardresearch
 

छठी बार कैंसर झेल रही पत्नी, दर्द देख इमोशनल हुआ 'फैमिली मैन' एक्टर, बोले- पुराना चेहरा याद करती है

एक्टर शारिब हाशमी ने कहा कि उनकी पत्नी छठी बार कैंसर से लड़ रही हैं. उन्हें यकीन वो इस बार भी बीमारी को हराकर वापस लौटेंगी. उन्होंने पत्नी को योद्धा बताया.

Advertisement
X
शारिब का दर्द (Photo: Instagram @mrfilmistaani)
शारिब का दर्द (Photo: Instagram @mrfilmistaani)

सुपरहिट सीरीज द फैमिली मैन से फेमस हुए शारिब हाशमी की गिनती उन एक्टर्स में होती है, जिन्होंने काफी मेहनत और स्ट्रगल के बाद अपना करियर बनाया. फिल्मों में छोटे रोल्स में दिखने वाले शारिब आज पहचान के मोहताज नहीं हैं. उनका सफर आसान नहीं था. शारिब ने 700 से ज्यादा ऑडिशन दिए, कर्ज झेला, उनके कुछ प्रोजेक्ट बंद हुए, कुछ मूवीज रिलीज ही नहीं हुईं. इतना कुछ सहने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और डटे रहे. इस मुश्किल दौर में पत्नी हमेशा उनके साथ खड़ी रही.

पत्नी का दर्द देख इमोशनल हुए शारिब

फिर राज और डीके की वेब सीरीज द फैमिली मैन ने उनकी जिंदगी बदल दी. शारिब को फेम मिला. लेकिन जब सफलता उनके दरवाजे पर आई, तभी शारिब को बड़ा झटका लगा. उनकी पत्नी नसरीन को जानलेवा बीमारी हुई. स्क्रीन संग बातचीत में एक्टर ने अपने बुरे फेज पर बात की है. उन्होंने पत्नी को योद्धा बताया है. 

शारिब ने कहा- 2018 में जब द फैमिली मैन की शूटिंग शुरू हुई, उसी दौरान नसरीन को ओरल कैंसर होने की जानकारी मिली. ये हमारे लिए शॉकिंग था. क्योंकि मेरी पत्नी ने कभी तंबाकू या ऐसी कोई चीज नहीं ली थी, फिर भी उन्हें ये बीमारी हुई. उस फेज में मुझे पैसों की बहुत जरूरत थी. मैंने निर्माताओं से पूरी पेमेंट एडवांस में देने की अपील की थी. उन्होंने मेरी मदद की थी.

Advertisement

वो कहते हैं- सीरीज रिलीज हुई और मेरा करियर दौड़ पड़ा. काम को लेकर मैं बेफ्रिक था, लेकिन हमारी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी. नसरीन की अब तक 5 सर्जरी हो चुकी हैं. उनका चेहरा पूरी तरह बदल चुका है. कभी-कभी उन्हें अपना पुराना चेहरा याद आता है. अब उनका कैंसर छठी बार लौटा है. जो कि उनके फेफड़ों, हड्डियों और किडनी के आसपास फैल चुका है. 

शारिब ने पत्नी की तारीफ करते हुए कहा कि वो इलाज को अच्छे से रिस्पॉन्स कर रही हैं. वो बहादुर है. ये जंग जीत लेंगी. ये बात बोलते हुए शारिब इमोशनल हो गए. उनके मुताबिक, नसरीन उनके परिवार की हर मोड़ पर बड़ी ताकत रही हैं. पत्नी से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला. उनकी मुश्किलें पत्नी के सामने कुछ भी नहीं हैं. बीमार होने के बावजूद उन्होंने पूरे परिवार को संभालकर रखा है. स्ट्रगल के दिनों में नसरीन ने उनका साथ दिया. आज तक वो उन्हें हिम्मत देती हैं. 

एक्टर ने बताया कि एक वक्त पत्नी ने उन्हें सपोर्ट करने के लिए अपने गहने बेच दिए थे. उन्हें अपना फ्लैट तक बेचना पड़ा था. लेकिन उन्होंने कभी उनसे सवाल नहीं किया. वो जिंदगी की हर मुश्किल में उनकी ठाल बनकर खड़ी रहीं. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement